पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने कहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान इधर-उधर की बात न करें, कर्ज माफी पर झूठ परोसने के पहले वे सबसे पहले यह बताएं कि किसानों की ऋणमाफी की तीसरे चरण की जो प्रक्रिया शुरू होने वाली थी, वह कब शुरू करेंगे और दूसरे चरण की ऋणमाफी की राशि वे कब तक खातों में डालेंगे?
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह के कर्जमाफी पर सवालों के जवाब मैं कईं मंचों पर समय-समय पर दे चुका हूं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी किसानों को धोखा नहीं दिया, बल्कि 2008 में भाजपा ने अपने घोषणा-पत्र में किसानों के 50 हजार रुपए के ऋण माफ करने का वादा किया था, लेकिन बाद में सरकार आने के बाद शिवराज सरकार अपने इस वादे से मुकर गई।
नाथ ने कहा कि झूठ बोलने के आदी शिवराज सिंह जब तक दिन भर में 100 झूठ नहीं बोल लेते, तब तक उन्हें नींद नहीं आती है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस पार्टी ने जो अपना वचन-पत्र बनाया था, वह पांच वर्ष के लिये था। हम अपने एक-एक वचन को पूरा करने के लिये संकल्पित थे। शपथ ग्रहण के 2 घंटे में ही मेने वचन-पत्र के अनुसार किसानों की कर्जमाफी की फाईल पर हस्ताक्षर कर ऋण माफी का फैसला किया था। अपने इस वचन को पूरा करने के लिए हमने ‘‘जय किसान फसल ऋण माफी योजना’’ बनाई। इसके पहले चरण में 2 लाख तक के कालातीत ऋण और 50 हजार तक के चालू खातों के ऋण को माफ किया, जिससे प्रदेश के 20 लाख 23 हजार किसानों के ऋण माफ किए गए। इस पर जब सवाल उठाए गए, तब हमने ऋण माफी वाले किसानों की पूरी प्रमाणित सूची शिवराज सिंह के निवास पर पहुंचाई थी, जिसे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश पचौरी उनके बंगले पर मीडिया की उपस्थिति में देकर आये थे।
सरकार के पास है पूरा रिकार्ड
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानांे की ऋणमाफी के पूरे तथ्य व प्रमाण हमारे पास तो हैं ही, साथ ही सरकार में होने के कारण शिवराज सरकार के पास भी पूरा रिकार्ड उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि जहां तक शिवराज सिंह के सवाल हैं, किसी भी पार्टी के घोषणा-पत्र में सरकार में आने के बाद किये जाने वाले कामों का जिक्र होता है। सरकार में आने के बाद उस पर क्रियांवयन की प्रकिया तय होती है। ‘‘जय किसान फसल ऋण माफी योजना’’ के जरिए हमने मध्यप्रदेश के इतिहास की सबसे बड़ी ऋण माफी शुरू की थी। इधर-उधर की बात करने की बजाय व कर्जमाफी पर झूठ परोसने की बजाय पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान बताएं किसानों की ऋणमाफी की तीसरे चरण की जो प्रक्रिया शुरू होने वाली थी, वह कब शुरू करेंगे और दूसरे चरण की ऋणमाफी की राशि वे कब तक खातों में डालेंगे?
कमलनाथ ने शिवराज ने किए सवाल
1. द्वितीय चरण के 7 लाख किसानों की ऋणमाफी की जो प्रक्रिया हमारी सरकार में प्रारंभ हुई थी उसे वे कब तक पूरा करेंगे?
2. तीसरा चरण जो एक जून 2020 से प्रारंभ होना था, जिसमें 6 लाख किसानों का ऋण माफ होना था, वह कब से प्रारंभ होगा ?
3. वर्ष 2008 में 50 हजार तक का ऋण माफ करने का वादा भाजपा ने अपने घोषणा-पत्र में किया था, क्या भाजपा ने आज तक एक भी किसान का ऋण माफ किया?
4. मुख्यमंत्री के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान शिवराज जी ने 21 हजार घोषणाएं की थीं, क्या उन्होंने देखा कि उनमें से कितनी घोषणाएं आज तक पूरी हुई? वास्तविकता तो यह है कि वे घोषणाएं मंच से मंत्रालय तक भी नहीं पहुँची।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें