रविवार, 19 जुलाई 2020

दिग्विजय राजा नहीं, राजा तो सिंधिया हैं


मंत्री विजय शाह ने कहा नकली राजा और व्यापारी भाई ज्यादा नहीं  चल पाओगे

मध्यप्रदेश में एक ओर कांग्रेस ज्योतिरादित्य सिंधिया को निशाने पर लिए हुए है और उनके खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रही है। वहीं  भाजपा विधायक और मंत्री राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के पक्ष में लगातार बयान देकर कांग्रेस नेताओं को घेर रही हैं। इसके तहत अब राज्य के वनमंत्री और अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहे विजय शाह ने सिंधिया का समर्थन करते हुए दिग्विजय सिंह को नकली राजा और सिंधिया को असली राजा बता दिया है। शाह यही नहीं रुके उन्होंने कहा कि नकली राजा और व्यापारी भाई ज्यादा नहीं चल पाएंगे।
मंत्री बनाए जाने के बाद अपने गृह नगर खंडवा पहुंचे वनमंत्री ने ये बात खंडवा जिला कार्यालय में आयोजित उनके सम्मान समारोह में कहीं। शाह के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ता एक बार फिर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते नजर नहीं आए। समारोह के दौरान बड़ी संख्या मंे पहुंचे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने सिंधिया के भाजपा में शामिल होने को उनका उचित निर्णय बताया। शाह ने कहा कि प्रदेश में नकली राजाओं का हुजूम है। उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह राजा नहीं हैं,असली राजा तो सिंधिया हैं। शाह ने कहा कि कांग्रेस के नकली राजा और व्यापारी भाई कमलनाथ ज्यादा नहीं चल पाएंगें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने में कमलनाथ के साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया ने खूब मेहनत की थी, मगर पार्टी ने उनका अपमान किया। सिंधिया समर्थक विधायकों द्वारा विधायकी छोड़ने को लेकर उन्होंने कहा कि विधायकी छोड़ना आसान बात नहीं है, सिंधिया समर्थक विधायकों ने जनहित में अपनी विधायकी भी छोड़ी। उन्होंने कहा कि  सिंधिया ने अपमान बर्दाश्त नहीं किया, जनता के हित में कांग्रेस छोड़ दी। जो वादे शिवराज और सिंधिया ने किए हैं, वे सभी पूरे होंगे। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें