गुरुवार, 3 सितंबर 2020

चावल तो कांग्रेस सरकार ने खरीदा था, हमारी सरकार ने सड़ा चावल पकड़ा


गृह मंत्री डा नरोत्तम मिश्रा ने कहा कमलनाथ मांगे जनता से माफी

कोरोना काल में खराब चावल वितरण मामले को लेकर राज्य के गृह मंत्री डा नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस पर हमला बोला है। गृह मंत्री ने कहा कि चावल तो कांग्रेस सरकार ने खरीदा था, हमारी सरकार ने तो सड़ा हुआ चावल पकड़ा है, इसके लिए कमलनाथ को जनता से माफी मांगनी चाहिए।
प्रदेष में कोरोना काल के दौरान आदिवासी अंचल में खराब चावल वितरण को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस द्वारा किए जा रहे हमलों के बाद आज भाजपा ने कांग्रेस पर हमले तेज किए हैं। राज्य के गृह मंत्री डा नरोत्तम मिश्रा ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि  ये चावल तो कांग्रेस ने ही खरीदा था। हमारी सरकार ने सड़ा हुआ चावल पकड़ा है। केंद्र में हमारी सरकार, राज्य में हमारी सरकार, कमलनाथ को माफी मांगना चाहिए। ये कांग्रेस नेता हर बात पर ट्वीट करते हैं। एक बार फिर ट्वीट कर दिया। प्रदेश में उपचुनाव से पहले कई मुद्दों को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष में आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा है।  सीहोर जिले में किसान आत्महत्या को लेकर उन्होंने कहा कि किसान की आत्महत्या के मामले में किसान के बेटे का बयान सामने आ चुका है। बेटे ने साफ तौर पर कहा था कि पिताजी का मन भटका हुआ था। इस मुद्दे पर कांग्रेस सियासत कर रही है। कांग्रेस क्रोकोडाइल आंसू बहा रही है. कांग्रेस के पास कुछ बताने के लिए नहीं है।
गृह मंत्री डा मिश्रा ने चायनीज एप पबजी पर पाबंदी लगाए जाने को लेकर कहा कि चाइनीज एप पबजी का बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर बहुत बुरा प्रभाव पड़ रहा था और लंबे समय से देश में इस पर बैन लगाने के लिए आवाज उठ रही थी। केंद्र सरकार के इस फैसले का आज पूरे देश में स्वागत हो रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें