सोमवार, 21 सितंबर 2020

उपचुनाव में कोरोना के नियमों का सख्ती से पालन कराए आयोग


कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए बने नियमों के उल्लंघन को रोकने लिए आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष  पंकज सिंह ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की कि आयोग उपचुनाव में कोरोना से बचाव के नियमों को राजनीतिक दलों से सख्ती से पालन कराया जाए।
उन्होंने कहा की मध्यप्रदेश ही नहीं अपितु पूरा देश और विश्व इस महामारी कोरोना से पीड़ित है। आज अर्थव्यवस्था से लेकर मानवता तक संकट के दौर से गुजर रही है। मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामले 1 लाख के पार हो गये हैं और 1900 से ज्यादा मृत्यु हो चुकी हैं। प्रदेश के सभी जिलों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने के कारण इलाज की सुविधा नहीं मिल पा रही हैं और छोटे शहरों से लोग भोपाल, इंदौर, जबलपुर व ग्वालियर जैसे महानगरों की तरफ भाग रहे हैं। महानगरों की स्वास्थ्य सुविधओं की स्थिति बेहद दयनीय है।
उन्होंने कहा कि उपचुनाव को जीतने के लिए भारतीय जनता पार्टी एवं कांग्रेस के नेता हजारों की भीड़ जुटा कर बड़े-बड़े आयोजन कर रहे हैं। इन आयोजनों में न केवल प्रदेश की जनता का पैसा खर्च हो रहा है बल्कि जनता तेजी से कोरोना जैसी जानलेवा बीमारी की चपेट में आ रही है।  सिंह ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से अपील की है कि, महामारी और आर्थिक संकट के दौर में कोरोना महामारी को रोकने के लिए बने नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और प्रदेश की आर्थिक स्थिति एवं जनता के जीवन को बचाने के लिए अन्य जरूरी नियम बनाये एवं लागू किए जाएं, जिससे की उपचुनाव के दौरान हो रही लापरवाही पर रोक लग सके और लापरवाही करने वाले राजनैतिक दलों के नेताओं को कड़ा सबक मिल सके। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें