सोमवार, 7 सितंबर 2020

भाजपा सरकार में सुरक्षित नहीं है महिलाएं और बच्चियां

 
 फिर जंगलराज कायम, नहीं सुरक्षित है बेटियां : जीतू पटवारी

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया अध्यक्ष और पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने  कहा कि प्रदेश में एक बार फिर जंगल राज कायम हो गया है। उन्होंने कहा कि देश में महिला अत्याचार, बलात्कार के साथ ही मासूमों के साथ दुष्कृत्य के मामलों में मध्य प्रदेश पिछले भाजपा शासन काल में देश में नंबर वन पर था। वही एक बार फिर प्रदेश में छेड़छाड़, हत्या, अपहरण और बलात्कार के मामले लगातार बढ़ रहे है।
 प्रदेश के रतलाम जिले की पलाश पंचायत अंतर्गत ग्राम भैरूपाड़ा में 13 साल की मासूम के साथ सामूहिक बलात्कार की घटना को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया अध्यक्ष और पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने दुःख व्यक्त किया है। पटवारी ने कहा कि एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार साल 2018 में देश में बलात्कार की कुल 33,356 घटनाएं दर्ज की गई थी। इनमें से 5,433 घटनाएं (करीब 16 प्रतिशत) मध्य प्रदेश में हुईं, जिनमें पीड़िताओं में छह साल से कम उम्र की 54 बच्चियां भी शामिल थी। वहीं साल 2016 और वर्ष 2017 में भी  प्रदेश बलात्कार के मामलों में देश में नंबर एक पर था। वर्ष 2016 में प्रदेश में 4,882 बलात्कार की घटनाएं हुई थीं, जबकि वर्ष 2017 में प्रदेश में 5,562 घटनाएं हुईं। रतलाम जिले में 13 साल की मासूम का अपहरण कर सामूहिक बलात्कार कर हत्या कर देने की घटना के आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग जीतू पटवारी ने की है।  
पटवारी ने कहा कि  जंगल राज में जहां एक तरफ प्रदेश का अन्नदाता आत्महत्या करने को मजबूर है तो दूसरी तरफ महिलाएं और बच्चियाँ प्रदेश में सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि आप अपने आप को प्रदेश के बच्चों का मामा कहते है और उन्हें अपना भांजा-भांजी कहते नहीं थकते अरे आप कैसे मामा है जो आपके राज में मासूम सुरक्षित नहीं । युवा बेरोजगार, किसान आत्महत्या करने को मजूबर है तो दूसरी तरफ मासूम बच्चियों के साथ बलात्कार और सामूहिक दुष्कृत्य हो रहा है। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें