बुधवार, 30 सितंबर 2020

कमलनाथ का भाजपा पर हमला


  भाजपा पर लगाया   सरकारी तंत्र के दुरुपयोग का आरोप 

मध्यप्रदेष कांग्रेस के प्रदेष अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने भाजपा पर सरकारी तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा के पंद्रह साल के कार्यकाल में प्रदेश में भ्रष्टाचार, मिलावट, महिला अत्याचार का बोलबाला रहा। प्रदेश के किसान, महिला, युवा परेशान रहे।
मंदसौर जिले के सुवासरा में कांग्रेस प्रत्याषी राकेष पाटीदार के समर्थन में आज पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सभा ली। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार कृषि बिल लाई है। यह बिल किसान विरोधी है। इससे किसानों को फायदा नहीं, नुकसान होगा। किसानों की मंडियां खत्म की जा रही हैं। कमलनाथ ने कहा कि वे काम पर विश्वास करते हैं घोषणाओं पर नहीं।  उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री शिवराज चैहान केवल घोषणा करते हैं, उन पर अमल नहीं किया जाता है। भाजपा केवल दिखावे और शोबाजी का काम करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी घोषणाओं की राजनीति में यकीन नहीं करती, काम करने में यकीन करती है।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि भाजपा ध्यान भटकाने की राजनीति करती है। चाहे वे प्रधानमंत्री हो या प्रदेश के मुख्यमंत्री वादे करने में बहुत उस्ताद हैं। भाजपा ने दो करोड़ लोगों को रोजगार देने का वादा किया था। उन्होंने सवाल किया कि कहां है रोजगार। देश और प्रदेश में बेरोजगारों की संख्या लगातार बढ़ रही है। देश के प्रधानमंत्री चुनाव में पकिस्तान को याद करते हैं। चीन को याद करते हैं, लेकिन देश के किसान और नौजवान की बात कभी नहीं करते। उन्होंने कहा कि  कांग्रेस ने वोटों से सरकार बनाई थी। लेकिन भाजपा ने नेताओं की खरीद फरोख्त करके नोटों से सरकार बनाई है। संविधान के खिलाफ जाकर उपचुनाव की स्थिति निर्मित की है। यह चुनाव जनता पर जबरन थोपा गया है।
इस चुनाव के बाद हम मनाएंगे दीवाली
पूर्व मुख्यमंत्री  ने कहा कि प्रदेश की जनता ने हम पर विश्वास किया था, 15 वर्ष बाद हमें प्रदेश सौंपा था। शिवराज  ने जो प्रदेश हमें सौंपा था, वह किसानों की आत्महत्या में, बेरोजगारी में, भ्रष्टाचार में नंबर वन था और खुद को मामा कहने वाले शिवराज के राज में प्रदेश महिलाओं के अत्याचार में भी नंबर वन था। हमने 15 माह में किसानों की आर्थिक मजबूती, युवाओं को रोजगार को लेकर कई काम किए। हमने प्रदेश की एक नई तस्वीर बनाने का काम किया क्योंकि भाजपा सरकार में प्रदेश की पहचान माफियाओं से और मिलावटखोरों से थी। इन्होंने बाबासाहेब के बनाए हुए संविधान के साथ भी खिलवाड़ किया, सौदेबाजी व बोली से सरकार बना ली, लेकिन इस चुनाव के बाद हम दीपावली साथ में मनाएँगे।
एक एक से जनता को गवाह बनाकर लेंगे हिसाब
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं क्षेत्र की जनता से कहना चाहता हूं कि वह शासकीय तंत्र जो भाजपा का एजेंट बनकर काम कर रहे हैं, उनसे डरने की, घबराने की जरूरत नहीं। हमारी सरकार आने पर एक-एक से जनता को गवाह बनाकर हिसाब लेंगे। हमारा प्रदेश 5 राज्यों से घिरा हुआ है, हमारे प्रदेश में निवेश क्यों नहीं आ सकता क्योंकि विश्वास का माहौल नहीं था। हम रोजगार की बात करते हैं, यह बेरोजगार बनाने की बात करते हैं। हम किसान हित की बात करते हैं, यह मंडी के निजीकरण का, किसानो को बर्बाद करने वाले कानून ले आए। इन्होंने सदैव देश की जनता को ठगा है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें