बुधवार, 16 सितंबर 2020

दिग्विजय कमलनाथ ने छल किया ग्वालियर की जनता से



 कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने ग्वालियर-चंबल क्षेत्र की जनता से झूठ बोला है, क्षेत्र के साथ अन्याय किया है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार ग्वालियर-चंबल क्षेत्र के दम पर ही बनी थी और जनता सिंधिया जी को मुख्यमंत्री देखना चाहती थी,  लेकिन दिग्विजय-कमलनाथ ने इस क्षेत्र के साथ छल किया और कमलनाथ मुख्यमंत्री बन गए।
 यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बुधवार को ग्वालियर में मीडिया से चर्चा के दौरान कही।  शर्मा ने कहा कि कमलनाथ ने इस क्षेत्र के विकास के लिए कुछ नहीं किया। उन्होंने चंबल प्रोग्रेस वे को रद्द कर दिया था, जिसकी पहल भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने की थी। अन्य परियोजनाओं के लिए उनके पास पैसा नहीं था। शर्मा ने कहा कि जो कमलनाथ मुख्यमंत्री रहते हुए कभी ग्वालियर नहीं आए, वो अब किस मुंह से ग्वालियर आ रहे हैं?
 शर्मा ने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार के एक कैबिनेट मंत्री उमंग सिंघार ने ही यह आरोप लगाया था कि सरकार के निर्णय कैबिनेट की बैठक में नहीं होते, बल्कि दिग्विजयसिंह पर्दे के पीछे से सरकार चला रहे थे। सारे फैसले पर्दे के पीछे से हो रहे थे और माफिया कांग्रेस की सरकार को चला रहा था। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कमलनाथ को प्रदेश की जनता को जवाब देना चाहिए।
अंतरराष्ट्रीय झूठ मंडली है कांग्रेस
शर्मा ने कहा कि कांग्रेस अंतरराष्ट्रीय झूठ मंडली है। उसके दिग्विजयसिंह जैसे नेता किसी भी बात पर सवाल कर सकते हैं। भारत ने पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक की, जिसे सारी दुनिया ने माना था। लेकिन दिग्विजय सिंह उस पर भी सवाल खड़े करते हैं और सबूत मांगते हैं। शर्मा ने कहा कि अगर हम कांग्रेस के स्तर तक नीचे जाएं, तो हम भी पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से यह पूछ सकते हैं कि वो कब से मध्यप्रदेश में हैं और मध्यप्रदेश से उनका क्या रिश्ता है? लेकिन हम इतने हल्के स्तर पर जाना नहीं चाहते। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें