रविवार, 22 अप्रैल 2018

क्षमता से अधिक हैं जेल में बंदी

 राजगढ़ के न्यायाधीश ने जताई चिंता
मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के   जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण राजगढ़ राजेन्द्र कुमार वर्मा द्वारा जिला जेल राजगढ़ का त्रैमासिक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान पुरूष एवं महिला बैरकों में जाकर प्रत्येक बंदी से उसकी विधिक समस्या की जानकारी ली तथा बंदियों को दिये जा रहे भोजन, वस्त्र, पेयजल, बिस्तर, बर्तन आदि का निरीक्षण किया. साथ ही बंदियों को नि:शुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराये जाने संबंधी प्रावधानों के बारे में भी बताया.    जिला न्यायाधीश वर्मा द्वारा बैरक क्रमांक  1, 2, 3 एवं 4 में क्षमता से अधिक बंदियों के पाये जाने पर उन्होंने चिंता व्यक्त की. इसके साथ ही 5 महिलाओं की क्षमता वाले बैरक में 24 महिला बंदियों के पाये जाने पर जेल प्रशासन को महिलाओं को सुविधायें प्रदान करने तथा नवीन जेल के संबंध में प्रस्ताव तैयार कर वरिष्ठ कार्यालय को भेजने हेतु निर्देशित किया गया. जिला जेल राजगढ़ में निरीक्षण के दौरान बंदियों द्वारा धारा-151 में लंबे समय से निरूद्ध होना बताया, जिस पर जिला न्यायाधीश द्वारा धारा 151 में निरूद्ध बंदियों को जमानत का लाभ दिलाये जाने के लिये विधिक सहायता तत्काल उपलब्ध कराई गई और आवेदन भरे गये. बंदियों द्वारा भी अपनी विधिक समस्याएं जिला न्यायाधीश को बताईं गई जिस पर जिला न्यायाधीश द्वारा आवश्यक कार्यवाही करने हेतु संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी को निर्देशित किया गया. महिला एवं बच्चों को जेल प्रशासन द्वारा प्रदान की जा रहीं सुविधायें चिकित्सा, शिक्षा, आहार, फल, दूध आदि की जानकारी प्राप्त की. महिला बैरक में 24 महिलाओं के साथ 2 बच्चे भी पाये गये. निरीक्षण के दौरान उन्होंने जेल में पाक-शाला, मुलाकात कक्ष, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, भंडार गृह आदि की साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें