![]() |
| आलोक संजर |
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज देशभर के सांसदों और विधायकों से चर्चा की, इस चर्चा में भोपाल के सांसद आलोक संजर से भी उन्होंने चर्चा करते हुए कहा कि किसान भाषण से नहीं बदलता वह देखकर बदलता है. किसानों के बीच जाएं और उन्हें खेती के तरीके समझाएं. युवाओं को कौशल विकास के बारे में जानकारी दें.
सांसद आलोक संजर ने चर्चा के बाद कहा कि उनकी चर्चा प्रधानमंत्री से हुई है. प्रधानमंत्री ने कहा कि किसानों के बीच जाएं, उन्हें खेती करने के तरीके बताएं. उन्होंने कहा कि किसान भाषण से नहीं बदलता, बल्कि वह देखकर बदलता है. उन्होंने कहा कि जिस तरह वह पड़ोसी को देखकर अपने खेत में लाल-पीला पाउडर डालता है. वैसे ही उसे कार्यशाला में यह बताना होगा कि खेती से आमदनी कैसी बढ़ाई जाए. उन्होंने निर्देश दिए कि हर तीन माह में किसानों की कार्यशाला कराई जाए और उन्हें उन्नत खेती के नुस्खे बताए जाएं.
संजर ने प्रधानमंत्री से सवाल पूछा कि कौशल विकास से युवाओं को क्या फायदा होगा ? उनके इस सवाल के जवाब में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वक्त के साथ सब बदलता है. मैं जब गुजरात का मुख्यमंत्री था. उस वक्त एक गांव जाकर मैं हैरान था कि 800 लोगों की आबादी वाले गांव में दो लड़कियां ब्यूटीपार्लर चला रही थीं. आज रोजगार का स्वरूप बदल रहा है. गांव के लोगों में भी कौशल होता है. मुद्रा योजना से युवाओं को रोजगार शुरू करने में मदद मिल रही है. शादियों-पार्टियों में पंगत भोजन से खाने की बचत हो सकती है. मैंने देखा है कि एक गांव की महिलाओं ने संगठन बनाकर समारोहों में भोजन परोसने का काम किया और हजारों लोगों का भोजन बचाया.
योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं
संजर ने बताया कि चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश को आवश्यकता है कि बच्चों के लिए पढ़ाई, युवाओं के लिए कमाई, बुर्जुगों के लिए दवाई का नारा दिया जाए. उन्होंने कहा कि मोदीकेयर के माध्यम से हम जनता को स्वास्थ्य सुरक्षा देने जा रहे हैं. मोदी ने कहा कि गरीब आदमी बैंक का पैसा नहीं रखता है वह समय पर लौटाता है उन्होंने सांसदों से कहा कि अनुसूचित जाति समाज से मिलने की हिदायत भी दी गई, साथ ही उन्हें योजनाओं के बारे में बताने को कहा गया.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें