शनिवार, 21 अप्रैल 2018

युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति के अध्ययन के लिये करें प्रेरित


राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आज तुलसी मानस प्रतिष्ठान की विशेष समिति की बैठक ली. इस मौके पर उन्होंने कहा कि देश में आज भी धार्मिक ग्रंथों पर शोध और अनुसंधान हो रहे हैं. भारतीय सभ्यता और संस्कृति के वैज्ञानिक तथ्यों की तलाश की जा रही है. उन्होंने कहा कि इस समय युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सभ्यता का अध्ययन करने के लिये प्रेरित किया जाना चाहिए. स्कूलों और महाविद्यालयों में संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जाना चाहिए. इससे चरित्रवान और संस्कारवान पीढ़ी के निर्माण में मदद मिलेगी. राज्यपाल ने तुलसी मानस प्रतिष्ठान द्वारा किये जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सदस्यों के सहयोग और अनुभव से गतिविधियों को विस्तारित स्वरूप दिया जाये. बैठक में प्रतिष्ठान के कार्यकारी अध्यक्ष श्री रमाकांत दुबे ने प्रतिष्ठान की गतिविधियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया. इस मौके पर सदस्य दीपक शर्मा कथा वाचक रमेश शर्मा, सचिव एन.एल. खण्डेलवाल, सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति आर.डी. शुक्ला सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित थे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें