रविवार, 22 अप्रैल 2018

करीलाधाम के जानकी मंदिर में पूजा करेंगे

    राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द 29 अप्रैल को मध्यप्रदेश के अशोक नगर विकासखंड के करीलाधाम आएंगे. उनके आगमन के पूर्व प्रशासन तैयारियों में जुट गया है. अशोकनगर के कलेक्टर बी.एस.जामोद की अध्यक्षता में आज रविवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक का आयोजन किया गया.  जामोद ने कहा कि राष्ट्रपति  के करीला धाम भ्रमण तथा माता जानकी मंदिर दर्शन एवं पूजन संबंधी सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूर्व की जाएं. सम्पूर्ण सुरक्षा व्यवस्था का दायित्व पुलिस अधीक्षक को सौंपा गया. उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए डयूटी पर तैनात अधिकारियों के परिचय पत्र एडीएम के हस्ताक्षर से बनवाये जाने के निर्देश दिए.  ग्राम करीला में तीन पक्के हैलीपेड बनाये जाने तथा माता जानकी मंदिर तक कारपेट बिछाये जाने के निर्देश लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए गए. साथ ही सड़क मरम्मत एवं वेरीकेटिंग लगाये जाने के निर्देश दिए. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को मेडीकल टीम, एम्बुलेंस तथा इमरजेंसी चिकित्सा व्यवस्था हेतु निर्देशित किया. व्ही. आई.पी.हेतु वाहन व्यवस्था तथा मजिस्ट्रेट डयूटी लगाए जाने का दायित्व अपर कलेक्टर को  सौंपा गया. जिला खाद्य अधिकारी को स्वल्पाहार, पेयजल की व्यवस्था कराए जाने के निर्देश दिए. मंदिर परिसर की साफ सफाई कराये जाने हेतु मुख्य नगरपालिका अधिकारी मुंगावली को निर्देशित किया गया. माता जानकी मंदिर में सभी आवश्यक पूजन सामग्री की व्यवस्था कराये जाने का दायित्व एसडीएम मुंगावली को दिया गया. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें