शुक्रवार, 20 अप्रैल 2018

मध्यप्रदेश में गर्मी ने दिखाया असर



मध्यप्रदेश में गर्मी अब अपना असर दिखाने लगी है. बीते एक सप्ताह से दिन और रात का तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है. गर्मी से लोग परेशान होते जा रहे हैं.
प्रदेश में इस बार गर्मी के तेवर अप्रैल माह में बीते के मुकाबले तल्ख हैं. वर्ष 2009 के बाद इस साल अप्रैल माह में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है. राज्य में शुक्रवार की सुबह से खिली धूप चुभन पैदा कर रही है, गर्मी का जनजीवन पर भी असर पड़ा है. मौसम विभाग के अनुसार, एक तरफ जहां अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है, वहीं न्यूनतम तापमान भी बढ़ रहा है. यही कारण है कि, रातें भी अब गर्म हो चली हैं. राज्य में इस बार अप्रैल माह में बीते नौ साल बाद सबसे ज्यादा गर्मी पड़ रही है.
मौसम विभाग के मुताबिक 30 अप्रैल 2009 को 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था, वहीं इस बार 18 व 19 अप्रैल को ही तापमान 44 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. वहीं, प्रदेश में सबसे गर्म दिन 29 अप्रैल 1996 को रहा था जब तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में गर्मी का असर बना रहेगा. बीते 24 घंटों में मंडला जिला सबसे गर्म रहा जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं 18 अप्रैल को खजुराहो का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें