शनिवार, 21 जुलाई 2018

शिवराज के रथ के जवाब में कमलनाथ की बस



मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख कमलनाथ जल्द ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ यात्रा करेंगे. कमलनाथ की ये यात्रा बस से होगी. इसका ऐलान खुद कमलनाथ ने किया है.
भोपाल में मीडिया से चर्चा करते हुए कमलनाथ ने कहा कि हम 3 करोड़ रुपए का रथ नहीं बनाएंगे. कांग्रेस की यात्रा बस से होगी और राहुल जी हमारे साथ होंगे. बकौल कमलनाथ, सीएम कांग्रेस पर आरोप लगा रहे हैं लेकिन उन्हें जनता को जवाब देना होगा कि उन्होंने क्या काम किए. कांग्रेस पर आरोप लगाना ठीक नहीं. सीएम अपनी घोषणाओं से सिर्फ जनता को गुमराह कर रहे हैं. वे सिर्फ इस कोशिश में हैं कि किस तरह से जनता का भटकाव हो.उन्होंने आगे कहा कि मुझे डर है कि कहीं शिवराज जनता से माफी न मांग लें. हो सकता है जनता इन्हें माफ भी कर दे और शायद एक और मौका दे दे. लेकिन वे माफी नहीं मांग रहे हैं, वे तो कलाकारी कर रहे हैं.कमलनाथ छिंदवाड़ा से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे या विधानसभा चुनाव, इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अभी ये तय नहीं है. उन्होंने बताया कि प्रदेश चुनाव समिति की घोषणा दो-तीन दिन में होगी.विधानसभा चुनाव में गठबंधन की संभावना के बारे में हुए सवाल पर पीसीसी चीफ ने कहा कि फिलहाल कांग्रेस सभी 230 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है. गठबंधन नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी. उन्होंने ये भी कहा कि गठबंधन के साथ भी कांग्रेस पार्टी 200 से ऊपर सीटों पर लड़ेगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें