शनिवार, 21 जुलाई 2018

कांग्रेस बरगला रही युवाओं को


मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर विपक्षी दल कांग्रेस युवाओं को अपनी ओर आकर्षित करने में जुटी हुई है. भाजपा नेताओं का मानना है कि विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर 18 वर्ष और इससे ऊपर के जो मतदाता हैं, कांग्रेस उन्हें बरगला रही है. इन नव मतदाताओं ने दूसरी सरकार देखी नहीं है इसलिए वे कांग्रेस के बहकावे में आ रहे हैं.
हालांकि भाजपा ने ऐसे युवाओं पर ध्यान केंद्रित किया है और नाराजगी दूर करने के उपाय किए जा रहे हैं. 4 अगस्त को एक लाख युवाओं को रोजगार देने की तैयारी है. प्रदेश में इस समय 30 वर्ष से कम आयु के दो करोड़ मतदाता हैं. युवा मतदाताओं की नाराजगी को वोटों में बदलने के लिए कांग्रेस जी-जान से जुटी है.कांग्रेस ने प्रदेश में बेरोजगारों की बढ़ती फौज को मुद्दा बनाया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ हों या चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया, दोनों ही नेता युवाओं को रोजगार दिलाने सहित भाजपा राज में घटे रोजगार के अवसरों का हवाला दे रहे हैं. भाजपा ने इससे निपटने के लिए अगले कुछ महीने के भीतर सरकारी और गैर सरकारी क्षेत्र में दो लाख युवाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य रखा है. अब दबाव युवाओं पर फोकस करने का है. नए मतदाताओं को रिझाने के लिए ही सरकार ने मुख्यमंत्री मेधावी योजना शुरू की है. इसमें अब तक 28 लाख छात्रों की फीस सरकार ने भरी है. ये सभी युवा 18 साल से अधिक उम्र के हैं, जो इस चुनाव में पहली बार वोट डालेंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें