रविवार, 22 जुलाई 2018

दो पूर्व आईपीएस अधिकारियों ने ली सपाक्स की सदस्यता

पदोन्नति में आरक्षण के मुद्दे को लेकर बने सपाक्स संगठन से सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारियों के साथ-साथ सेवानिवृा आईपीएस अधिकारियों के जुड़ने का सिलसिला जारी है. दो सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारियों ने अब सपाक्स की सदस्यता ली है. 
राज्य में पदोन्नति में आरक्षण के मुद्दे को लेकर बने सपाक्स संगठन से पहले तो सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारियों के जुड़ने का सिलसिला शुरु हुआ. इसके बाद अब सेवानिवृत्त आईपीएस भी इस संगठन से जुड़ने में रुचि दिखाने लगे हैं.  तीन पूर्व आईएएस अधिकारियों हीरालाल त्रिवेदी, वीणा घाणेकर और सुधा चौधरी के बाद दो सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी विजय वाते और के.डी. पाराशर भी शनिवार को सपाक्स में शामिल हो गए. पाराशर को ज्वाइनिंग के तुरंत बाद ही ग्वालियर सपाक्स का जिलाध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया. 
इन अफसरों के अलावा अन्य अधिकारी भी सपाक्स (सामान्य पिछड़ा अल्पसंख्यक कल्याण समाज संस्था) में जुड़ रहे हैं. वाते व पाराशर के साथ सेवानिवृत्त डिप्टी डायरेक्टर हैल्थ सी.एम. त्रिपाठी व शासन में अपर सचिव रहीं तबस्सुम जैदी ने सपाक्स की सदस्यता ले ली. सपाक्स के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. के.एल. साहू ने यह जानकारी दी. 
गौरतलब है कि इस बार के विधानसभा चुनाव में सपाक्स भी अपने प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है, इसी सिलसिले में पूरे प्रदेश में हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत एक करोड़ हस्ताक्षर करवाकर राष्ट्रपति को भेजा जाएगा. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें