इंदौर-जबलपुर ओवरनाइट एक्सप्रेस में आज तड़के चार बजे नरसिंहपुर स्टेशन के पास बदमाशों ने लूटपाट की. ट्रेन के एसी कोच में सफर कर रही महिला जज का मोबाइल व नगदी भी बदमाश छीन ले गए. उनके अलावा आधा दर्जन यात्रियों से भी सामान छीन लिया. जीआरपी ने प्रकरण दर्ज करने के बाद बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के अनुसार इंदौर से चलकर जबलपुर की ओर जाने वाली ओवरनाइट एक्सप्रेस भोपाल होते हुए तड़के करीब पौने चार बजे नरसिंहपुर स्टेशन पर पहुंची थी. चार बजे ट्रेन नरसिंहपुर से जबलपुर के लिए रवाना हुई. ट्रेन एक किलोमीटर ही चली थी कि चेन पुलिंग कर उसे रोक दिया गया. ट्रेन के रुकते ही पांच बदमाशों ने ट्रेन में लूटपाट शुरू कर दी. इस समय सभी बोगियों में यात्री गहरी नींद में सो रहे थे. बदमाश सबसे सबसे पहले स्लीपर कोच में पहुंचे, यहां पर उन्होंने महिला यात्रियों को निशाना बनाया. उनके बैग, नगदी व मोबाइल छीनने के बाद वे एसी कोच ए-1 में पहुंचे. इस कोच में एक महिला जज आरती शुक्ला सफर कर रही थीं. वे रीवा जा रही थीं. जबलपुर तक इस गाड़ी से जाने के बाद वे दूसरी ट्रेन से रीवा जाने वाली थीं.
बदमाशों ने महिला जज से मोबाइल व दस हजार रुपए से अधिक नगदी छीनी व वहां से भाग निकले. जिस वक्त लूटपाट की यह वारदात हुई उस समय बदमाशों को रोकने के लिए आरपीएफ अथवा जीआरपी के जवान मौके पर मौजूद नहीं थे. लूटपाट की इस वारदात को सूचना गाडरवारा जीआरपी को दी गई. गाडरवारा जीआरपी ने प्रकरण दर्ज करते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है. बदमाश आधा दर्जन मोबाइल अपने साथ ले गए हैं. मोबाइल की लोकेशन को ट्रेस कर बदमाशों की तलाश की कोशिश की जा रही है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें