मंगलवार, 4 सितंबर 2018

देश के 57 जिलों में मध्यप्रदेश के 3 जिले


 इप्रिस प्रोजेक्ट के लिए बैतूल, सागर और रायसेन जिले का चयन
पंचायती राज संस्थानों का स्थानिक रूप से सशक्तिकरण करने के उद्देश्य से 'इप्रिस' प्रोजेक्ट के तहत भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन 'इसरो' अंतरिक्ष विभाग, भारत सरकार और मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद् (मेपकास्ट), भोपाल द्वारा देश के 57 जिलों में से प्रदेश के बैतूल, सागर और रायसेन जिले का चयन किया गया है. इस प्रोजेक्ट के जरिए अभी तक दो जिलों के पंचायत प्रतिनिधियों को जमीनी स्तर पर विकासोन्मुखी गतिविधियों की योजना बनाने के लिए विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई है.
अंतरिक्ष विभाग, भारत सरकार के अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के जरिए पंचायतों की दहलीज तक विकास की योजनाएं पहुंचाने और डिजिटल इंडिया के सशक्तिकरण में मदद मिली है. प्रोजेक्ट में पंचायत प्रतिनिधियों की क्षमता निर्माण, परिसंपत्ति मानचित्रण और गतिविधि नियोजन कार्य पूरा करने की जानकारी जिला, जनपद एवं ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों को कार्यशालाओं में दी गई है.
परिषद में जीआईएस और इमेज प्रोसेसिंग डिवीजन के प्रभारी और वरिष्ठ प्रधान वैज्ञानिक डा. आलोक चौधरी ने बताया कि पहली कार्यशाला बैतूल में, दूसरी कार्यशाला सागर में आयोजित की गई थी. तीसरी कार्यशाला रायसेन जिले में 5 सितंबर से आरंभ होगी, जिसमें जिला पंचायत प्रतिनिधि भाग लेंगे. जनपद स्तरीय कार्यशाला का आयोजन सांची, गैरतगंज, बेगमगंज, बाड़ी, औबेदुल्लागंज, सिलवानी और उदयपुरा में किया जा रहा है. कार्यशाला में भुवन पंचायत पोर्टल और भुवन मोबाइल एप के बारे में जानकारियां दी जाएंगी.




कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें