शुक्रवार, 21 सितंबर 2018

पुरानी रंजिश के चलते युवक की चाकू घोंपकर हत्या


 राजधानी के कटारा हिल्स इलाके में आज शुक्रवार को दिन दहाड़े एक युवक की चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी गई.  युवक पर चाकू से हमला आपसी रंजिश के चलते किया गया था.
पुलिस के अनुसार  अनुसार पुराने विवाद को लेकर आज शुक्रवार सुबह कुम्हार मोहल्ला लहारपुर निवासी विक्रम प्रजापति पर मनीष अहिरवार और उसके साथियों ने मारपीट करना शुरू कर दिया. मारपीट के दौरान मनीष अहिरवार ने अपने पास रखे चाकू से विक्रम के पेट पर हमला कर दिया.  चाकू के  प्रहार के चलते विक्रम के पेट में गंभीर चोट लगी. आसपास मौजूद लोगों ने विक्रम को उपचार के लिए एम्बुलेंस बुलवाई. अस्पताल पहुंचने तक ही विक्रम की मौत हो गई. वहीं हमलावर मौके पर से फरार हो गए.   कटारा हिल्स पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
इलाज के दौरान युवक की मौत
टीटी नगर थाना पुलिस के अनुसार रमानगर बाणगंगा निवासी रामगोविंद शर्मा पिता रामसिया शर्मा  ने बीते दिनों अपने घर में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश की थी. परिजनों ने रामगोविंद को इलाज के लिए कोलार स्थित एक निजी अस्पताल  में भर्ती कराया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि रामगोविंद ने जहरीला पदार्थ क्यों खाया, फिलहाल इस बात के कारण अज्ञात हैं. 
युवक को मारी छुरी
राजधानी के हबीबगंज थाना क्षेत्र में बांसखेड़ी निवासी एक युवक के पेट में छुरी मार दी. युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस के अनुसार बाबू बसोर नामक युवक का शिवनारायण से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. विवाद इतना बढ़ा कि शिवनारायण ने बाबू के पेट में छुरी मार दी. घटना के बाद जब बाबू जमीन पर गिरकर बेहोश हो गया तो शिवनारायण वहां से भाग गया. बाद में बाबू को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया. पुलिस के अनुसार बाबू की पत्नी की शिकायत पर शिवनारायण के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी फरार है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें