शुक्रवार, 28 सितंबर 2018

अखिलेश आज से सक्रिय होंगे मध्यप्रदेश में


समाजवादी पार्टी ने मध्यप्रदेश में सक्रियता दिखानी तेज कर दी है. सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कल से दो दिवसीय विंध्य और महाकौशल के दौरे पर रहेंगे. सपा इस बार दो दर्जन स्थानों पर जिताऊ उम्मीदवार खड़े करने की तैयारी कर चुकी है.
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की नजर इस बार मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव पर टिक गई है. कांग्रेस से गठबंधन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई तो उन्होंने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का सहारा लिया और प्रदेश में करीब 2 दर्जन सीटों पर जिताऊ उम्मीदवार उतारने का मन बनाया. उत्तरप्रदेश से आए पर्यवेक्षकों ने सर्वे के आधार पर यह सूची तैयार कर ली है. बताया जाता है कि सपा जल्द ही उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करेगी. 
प्रत्याशियों की सूची जारी करने के पहले अखिलेश यादव कल शनिवार से प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं. वे कल शहडोल में सभा करेंगे इसके अलावा रविवार को वे बालाघाट में सभा लेंगे. दोनों ही स्थानों पर उनके साथ गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हीरासिंंह मरकाम उपस्थित रहेंगे. बताया जा रहा है कि दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर करीब-करीब फैसला हो गया है, केवल इसकी घोषणा शेष है. 
उल्लेखनीय है कि अखिलेश यादव लगातार मध्यप्रदेश का दौरा कर रहे हैं. वे इसके पूर्व सतना, रीवा, खजुराहो, भोपाल, पन्ना और सीधी का दौरा कर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से चर्चा कर चुके हैं. अब अपने इस दो दिवसीय दौरे में वे एक बार फिर पदाधिकारियों से चर्चा कर उम्मीदवारों की सूची जारी करेंगे.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें