सोमवार, 17 सितंबर 2018

राहुल के रोड शो के जरिए कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन

आम आदमी की तरह नजर आए राहुल, लोगों ने भी जमकर किया स्वागत

राजधानी में आज कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने रोड शो कर लोगों के बीच अपनी अमिट छाप छोड़ी और मध्यप्रदेश कांग्रेस ने बड़ा शक्ति प्रदर्शन कर दिया. 13 किलोमीटर से अधिक के इस रोड शो में राहुल पूरी तरह आम आदमी की तरह नजर आए. जब जहां उनकी इच्छा हुई वे रुक और लोगों के बीच पहुंचे. लोगों और कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर शैल्फी भी ली और मुस्कारहट देकर लोगों को खुश भी किया.
राजधानी में दोपहर को राहुल गांधी का रोड शो जब शुरु हुआ तो लोगों की भीड़ नजर आई. कार्यकर्ताओं के साथ राजधानी के वाशिंदे भी पलभर के लिए राहुल के रोड शो में जब उनकी बस को देखते तो रुक जाते और हाथ हिलाकर अभिवादन करते, वहीं राहुल गांधी ने भी किसी को निराश नहीं किया. एक तरह से राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर शक्ति प्रदर्शन तो किया ही साथ ही उन्होंने विधानसभा चुनाव के लिए शंखनाद भी कर दिया. रास्ते में वे कभी कांग्रेस नेताओं से चर्चा करते और जानकारी लेते रहे.
राजधानी में राहुल गांधी की छलक पाने के लिए लोग भी आतुर नजर आए. लोगों ने घरों की छत पर पहुंचकर रोड शो देखा. प्रदेश के कई जिलों से आए कार्यकर्ताओं ने भी अपने नेता के स्वागम में कोई कमी नहीं छोड़ी. लालघाटी से लेकर भेल के दशहरा मैदान तक राहुल गांधी के स्वागत में 51 मंच सजाए गए थे, जो प्रदेश के 51 जिलों के प्रतीक थे. इन मंचों पर अलग-अलग नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई थी. वहीं रोड शो के दौरान कड़ी  सुरक्षा व्यवस्था थी. सुरक्षा व्यवस्था को खुद आईजी जयदीप प्रसाद अपने हाथों में लिए थे.
दिग्विजय सिंह के पोस्टर, कटआउट नहीं
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के दौरे को लेकर मध्यप्रदेश कांग्रेस में एक बार फिर गुटबाजी दिखाई दी. समन्वय समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह के पोस्टर और कट आउट सभा स्थल पर नजर नहीं आए, जबकि सभी बड़े नेताओं के पोस्टर और कट आउट वहां लगे हुए थे. इसे लेकर बवाल भी मचा और दिग्विजय समर्थक खफा भी नजर आए. मामला गर्म हुआ तो सिंह ने सफाई दी और कहा कि पोस्टर और कट आउट मेरे कहने से ही नहीं लगाए गए. उन्होंने कहा कि वे अपना चेहरा रोज देख लते हैं, इसलिए उन्हें अपना चेहरा दिखाने के लिए कट आउट की जरुरत नहीं है.  वहीं मामले पर भाजपा नेता मौन नहीं रहे और इसे राजनीतिक रंग दे डाला. भाजपा के प्रवक्ता रजनीश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस में हर कोई मुख्यमंत्री बनना चाहता है. कमलनाथ और सिंधिया के अलावा दूसरे नेता भी मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं. इसलिए खुद को दिखाने के लिए दिग्विजय का कटआउट नहीं लगवाया. उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की गुटबाजी ही है.
11 कन्याओं ने उतारी आरती, 21 पंडितों ने किया मंत्रोचार
राहुल गांधी का रोड शो जब लालघाटी से शुरु हुआ तो 11 कन्याओं ने उनकी आरती उतारी और 21 पंडितों ने मंत्रोचार किया.  इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया मौजूद थे. यहां पर आदिवासियों ने नृत्य कर राहुल गांधी का स्वागत किया. रोड शो के लिए जिस बस में राहुल गांधी सवार हुए उस बस में कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, दिग्विजयसिंह, सुरेश पचौरी, अजय सिंह, अरुण यादव, विवेक तन्खा, कांतिलाल भूरिया सहित अन्य नेता भी सवार थे.
करणी सेना के नेता नजरबंद
एट्रोसिटी एक्ट का विरोध कर रहे करणी सेना और अन्य संगठनों ने आज राहुल गांधी को काला झंडा दिखाने की घोषणा की थी. इसके चलते करणी सेना के नेता सुरेन्द्र सिंह को पुलिस ने रविवार की रात को ही नजर बंद कर दिया था. जबकि ब्रह्म समाज के धमेन्द्र शर्मा को कोलार रोड स्थित समाज के कार्यालय से आज सुबह नजरबंद किया गया. यहां पर ब्रह्म समाज के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे लेकर प्रदर्शन किया.
शिवराज को लाल परेड से भरनी पड़ी उड़ान
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान को आज उज्जैन जिले के तराना पहुंचकर जनआशीर्वाद यात्रा शुरु करनी थी. इसी वक्त राहुल गांधी के रोड शो निकलने का समय था, जिसके चलते मुख्यमंत्री के लिए लाल परेड मैदान पर अस्थायी हैलीपेड बनाया गया और उनके हेलीकाप्टर ने यहां से तराना के लिए उड़ान भरी. राहुल गांधी के रोड शोे के लिए पूर्व से ही यातायात में बदलाव किया गया था, जिसके चलते पूरे मार्ग पर खासा भीड़ थी. इस मार्ग से ही मुख्यमंत्री को भी स्टेट हैंकर के लिए पहुंचना था, मगर उन्होंने भीड़ वाले मार्ग से जाना पसंद नहीं किया और लाल परेड मैदान से उड़ान भरी.
होर्डिग को लेकर नाराज हुए कमलनाथ
राजधानी में राहुल गांधी के आगमन को लेकर दो दिनों से होर्डिंग लगाने को लेकर कांग्रेस नेताओं में होड़ सी लग गई थी. इसके चलते महाराणा प्रताप नगर क्षेत्र  में कांग्रेस के कोषाध्यक्ष गोविंंद गोयल और महामंत्री पी.सी.शर्मा के बीच विवाद भी हो गया था. शर्मा के पोस्टरों को हटाकर यहां पर गोविंद गोयल ने अपने पोस्टर यह कहकर लगवा दिए थे कि उक्त स्थान उन्होंने बुक कराया है. इसे लेकर विवाद की स्थिति जब निर्मित हुई तो प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ को हस्तक्षेप करना पड़ा. बीती देर रात को कमलनाथ ने मामले में हस्क्षेप किया, तब कहीं जाकर गोयल माने और उक्त स्थान से पोस्टर हटवाए और फिर वहां पर पी.सी.शर्मा के पोस्टर लगे.
आदिवासी वेशभूषा में आए कार्यकर्ता
आदिवासी बहुल जिलों से कांग्रेस के जो कार्यकर्ता राहुल गांधी के रोड शो में शामिल होने भोपाल पहुंचे थे, वे अपनी आदिवासी वेशभूषा में आए थे. इन कार्यकर्ताओं ने लालघाटी पर उनका स्वागत आदिवासी लोक गीत गाकर किया. ये आदिवासी कार्यकर्ता मृंदक की थाप पर जमकर थिरके, जो अन्य कार्यकर्ता का आकर्षण का केन्द्र भी बने. बड़ी संख्या में महिलाएं भी आदिवासी वेशभूषा में आई थी.
कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकारते रहे राहुल
 राहुल गांधी जिस बस में रोड शो के दौरान सवार थे उस बस के दरवाजे पर आकर हाथ हिलाकर कायकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार कर रहे थे. वहीं कार्यकर्ता राहुल गांधी और कांग्रेस जिंदाबाद के नारे लगा रहे हैं. बस के चारों ओर कार्यकर्ताओं के हुजूम ने रोड शो को घेर रखा है.  राहुल गांधी के स्वागत में कार्यकर्ता जगह-जगह ढोल नगाड़े पीट रहे हैं और नृत्य करते रहे. कार्यकर्ताओं  का कहना था कि हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष आए हुए हैं हम बहुत खुश हैं.
चाय, समोसा और सेल्फी और आंख भी मारी
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज रोड शो के दौरान कार्यकर्ताओं के मन की बात भी जानी और अचानक पुराने भोपाल में जब रोड शो हो रहा था, तब वे बस रुकवाकर नीचे उतरे और एक दुकान पर जा पहुंचे. यहां पर उन्होंने समोसे खाए और चाय पी. इसके अलावा जब कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी तो सेल्फी के लिए उनसे आग्रह किया. उन्होंने उसे स्वीकार किया और कार्यकर्ताओं के साथ जमकर सेल्फी भी ली.  इस दौरान राहुल गांधी के साथ प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष कमलनाथ और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया भी रहे.  कांग्रेस द्वारा इसका वीडियो भी ट्वीट किया गया.  वीडियो के अंत में जैसे ही राहुल की नजर कैमरे पर जाती है वह हल्की-सी स्माइल करते हैं और फिर आंख मारते हैं. अब इस आंख मारने की कहानी एक बार फिर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन रही है.
भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर लगवाया टीका
रोड शो के दौरान जब राहुल गांधी की बस राजधानी के अग्रसेन चौराहे पहुंची तो वहां पर राहुल गांधी बस से नीचे उतरे और कार्यकर्ताओं से कुछ चर्चा की. इसके बाद उन्होंने पंडाल में पहुंचकर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की और तिलक लगवाया. मूर्ति के समीप पुजारी से उन्होंने माथे पर तिलक लगाने को कहा. इसके बाद दोनों मुस्कारे, फिर राहुल गांधी वहां से रवाना हुए.
रोड शो का दिया संकल्प यात्रा का नाम
राहुल गांधी के रोड को कांग्रेस द्वारा संकल्प यात्रा का नाम दिया गया था. करीब 13 किलोमीटर चली इस संकल्प यात्रा में राहुल गांधी पूरे समय प्रसन्न और प्रफुल्लित नजर आए. रोड शो के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को भी निराश नहीं होने दिया और स्वागत करने वालों का अभिनंदन करते रहे. संकल्प यात्रा जब भोपाल के नये शहर न्यू मार्केट पहुंची तो यहां पर अपेक्स बैंक के समीप  राजस्थानी कलाकारों ने राहुल गांधी के लिए गाना गाया. इस दौरान लोगों ने कांग्रेस के चुनाव चिन्ह पंजे की कैप और कांग्रेस के झंडे की टी शर्ट पहन रखी थी. इस गाने को सुन राहुल गांधी काफी प्रसन्न नजर आए.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें