बुधवार, 26 सितंबर 2018

मोदी ने जनता को दिया धोखा: कमलनाथ


मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने महाकुंभ को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा पर हमला बोला है. कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश की जनता को उम्मीद थी कि प्रधानमंत्री आ रहे हैं तो शायद कोई शौगात देंगे, मगर प्रधानमंत्री ने प्रदेश की जनता के साथ धोखा दिया. उन्होंने भाजपा के महाकुंभ को लूट का कुंभ बताते हुए कहा कि जनता के टैक्स के करोड़ों रुपए को भाजपा ने इसमें खर्च कर दिया.
कमलनाथ ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए ये बात कही. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाकुंभ में सही कहा कि प्रदेश नंबर एक है. उन्हें यह बताना चाहिए कि किन मामले में प्रदेश नंबर एक पर है, उन्हें बताना था कि विकास में नहीं बल्कि दुष्कर्म, बेरोजगारी और किसान आत्महत्या में प्रदेश नंबर एक पर है. उन्होंने कहा कि मोदी को पहले शिवराज से सही-सही आंकड़े लेना थे, फिर कोई बात कहनी थी. उन्होंने कहा कि हम भी धर्मप्रेमी है, लेकिन हम धर्म को राजनीति के मंच पर नहीं लाते हैं. कमलनाथ ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर कहा कि  मैं भी सुप्रीम कोर्ट से सहमत हूं, आपराधिक रिकार्ड वालों को चुनाव से दूर रखना चाहिए. कमलनाथ ने कहा कि  हम गठबंधन को लेकर किसी के पैर नहीं पकड़ते यह काम भाजपा का है. मेघालय, कश्मीर में सब देख चुके हैं किसी को भी बताने की जरूरत नहीं है. भारतीय जनता पार्टी का महाकुंभ महज  फ्लाप शो बनकर रहा गया.  12 हजार बसें , 9 रेल गाड़ियां और हजारों निजी वाहनों को जुटाने के दावे किए गए थे. भाजपा द्वारा 11 से 13 लाख की भीड़ जुटाने का दावा किया गया था, असलियत ये थी कि कुल डेढ़ लाख लोग ही बामुश्किलन मौके पर मौजूद थे.
 प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ये महाकुंभ नहीं लूट कुंभ था, इसमें जनता का पैसा बर्बाद किया गया.  सरकारी तिजोरी से पैसे लुटाए गए. इस पर लगभग 300 करोड़ का  खर्च आया है. यह सब पैसा पेट्रोल-डीजल के टैक्स का पैसा है, जिसको महाकुंभ पर लुटा दिया गया. जनआशीर्वाद यात्रा में भी पैसा इसी तरह लुटाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि भाजपा का यह महाकुंभ सिर्फ कांग्रेस व राहुल गांधी की आलोचना तक सीमित रहा यह महाकुंभ.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें