मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच राजनीति चरम पर पहुंच गई है. राजनीतिक दलों के अलावा राज्य में सामाजिक संगठन जय युवा आदिवासी शक्ति संगठन भी अपनी ताकत दिखा रहा है. यह संगठन 2 अक्तूबर को प्रदेश के धार जिले के कुक्षी में किसान महापंचायत का आयोजन कर रहा है, जिसमें फिल्म अभिनेता गोविंंदा ने आने की अपनी अनुमति दे दी है.
मध्यप्रदेश में जय आदिवासी युवा शक्ति संगठन (जयस) ने भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों को चिंता में डाल दिया है. जयस ने राज्य में 80 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव मैदान में अपने प्रत्याशी उतारने का फैसला लिया है. इसके तहत अब जयस अपनी ताकत दिखाने की तैयारी कर चुका है. जयस ने कुक्षी में जो किसान महापंचायत का आयोजन किया है, इस आयोजन में वह अपनी ताकत भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों को दिखाना चाहता है. जयस के प्रमुख डा. हीरालाल अलावा ने इस महापंचायत की तैयारी पूरी कर ली है. उन्होंने महापंचायत में देश के बुद्धिजीवियों को बुलाया है. साथ ही नर्मदा बांध के विस्थापितों के लिए लड़ाई लड़ रही मेघा पाटकर ने भी उनके इस आयोजन को अपना समर्थन दिया है. किसान महापंचायत में फिल्म अभिनेता गोविंदा भी आ रहे हैं.
डा. अलावा ने बताया कि गोविंदा ने किसान महापंचायत में आने की अनुमति दे दी है. वे परिवार सहित पहले 2 अक्तूबर को उज्जैन आएंगे, जहां महाकाल के दर्शन करेंगे. इसके बाद वे कुक्षी में किसान महापंचायत में शामिल होंगे.उन्होंने बताया कि हमारे प्रत्याशी तय हो गए हैं. हम 80 विधानसभा क्षेत्रों में अपने प्रत्याशी मैदान मेंं उतार रहे हैं. डा. अलावा ने कहा कि हम किसी राजनीतिक दल से नहीं जुड़ना चाहते, बल्कि आदिवासियों का प्रतिनिधित्व विधानसभा में हो इसके लिए युवा वर्ग को चुनाव लड़ा कर हम विधानसभा भेजने की तैयारी कर चुके हैं.
कुक्षी में होने वाली इस महापंचायत के जरिए एक तरह से जयस अपनी ताकत दिखाने की तैयारी कर चुका है. जयस, भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों के लिए चिंता बन गया है. भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने स्वयं डा. अलावा को भाजपा में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया, मगर उन्होंने इसे अस्वीकार कर दिया.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें