गुरुवार, 27 सितंबर 2018

मुख्यमंत्री निवास के समीप टावर पर चढ़ा परेशान युवक

राजधानी में आज उस वक्त लोगों की सांसे फूल गई, जब एक युवक को टावर पर चढ़ा देखा. युवक अपने परिवार सहित मुख्यमंत्री निवास के समीप एक टावर पर चढ़कर जीद कर रहा था कि जब तक मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान उसकी मांगों को नहीं सूनेंगे वह नीचे नहीं उतरेगा. इतना ही नहीं युवक ने कूदकर जान देने की धमकी भी दे डाली थी.
राजधानी के श्यामला हिल्स स्थित मुख्यमंत्री निवास के समीप आज रायसेन जिले के ग्राम बिछुआ का रहने  वाला युवक वीरेन्द्र प्रजापति अपने परिवार सहित भोपाल आया और पालीटेक्निक चौराहे पर मोबाइल टावर पर चढ़ गया. युवक को जब वहां से निकल रहे लोगों ने टावर पर चढ़ता देखा तो पुलिस को इसकी सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने जब युवक को समझाने की कोशिश की तो युवक अपनी मांगों पर अड़ा रहा. युवक ने पुलिस को साफ कहा कि जब तक मुख्यमंत्री उसकी समस्याओं को जानने नहीं आएंगे, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगा. इसके बाद अगर अधिकारियों ने उसके साथ जोर-जबर्दस्ती की तो वह कूदकर जान दे देगा.
मुआवजा न मिलने से था परेशान
टावर पर चढ़ा युवक जमीन अधिग्रहण के बाद मुआवजा न मिलने को लेकर परेशान था. युवक की पत्नी ने पुलिस को बताया कि रायसेन जिले में सेमरिया बांध परियोजना में उनकी पांच एकड़ जमीन चली गई. इस जमीन का मुआवजा आज पांच साल बीत जाने के बाद भी नहीं मिला है. वीरेन्द्र अधिकारियों से कई बार मिला, मगर उसे आश्वासन ही मिलता रहा. बाद में उसे अधिकारियों ने बताया कि उसे जमीन का मुआवजा तो वर्ष 2016 में ही दे दिया गया है, जबकि वास्तविकता यह है कि यह मुआवजा वीरेन्द्र को मिला ही नहीं. कागजों में मुआवजा वितरित कर दिया गया. इससे खफा होकर वीरेन्द्र ने यह कदम उठाया है.
मंत्री पर लगाया धोखा देने का आरोप
वीरेन्द्र ने आरोप लगाया कि वह अपनी इस मांग को लेकर राजस्व मंत्री रामपाल सिंह से भी मिला, मगर उन्होंने भी मेरी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया. युवक ने कहा कि मंत्री ने भी उसे धोखा ही दिया. युवक का कहना था कि अधिकारियों के पास वह जब भी अपनी शिकायत लेकर  गया वे जांच करने का कहकर उसे टालते रहते हैं. उसके परिवार की हालत दिनो दिन बिगड़ रही है. आर्थिक तंगी के दौर से वह गुजर रहा है, मगर उसकी सुनने वाला कोई नहीं है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें