बुधवार, 19 सितंबर 2018

आप प्रदेश में चलाएगी ‘डोर-टू-डोर’ अभियान

 घोषित 119 प्रत्याशियों को दिया जा रहा प्रशिक्षण
आम आदमी पार्टी प्रदेश में डोर-टू-डोर अभियान चलाकर मतदाता को पार्टी के पक्ष में मतदान करने के लिए कहेगी. पार्टी द्वारा इस अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया.
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अब तक पार्टी द्वारा घोषित किए गए 119 प्रत्याशियों को बुलाया गया है, इन्हें राजधानी के नार्मदीय भवन में प्रशिक्षण दिया जा रहा है. प्रशिक्षण में  पार्टी के प्रदेश प्रभारी और दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे, जबकि प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार आलोक अग्रवाल प्रशिक्षण शिविर  की अध्यक्षता की. प्रशिक्षण शिविर के दौरान विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के प्रचार की रणनीति और अब तक के कार्यक्रम की जानकारी ली गई और उन्हें आगामी रणनीति के जरिए सघन प्रचार करने की रूपरेखा दी गई. प्रशिक्षण शिविर में पार्टी के विधानसभावार कार्यक्रमों का ब्यौरा रखा गया. 
प्रत्याशियों को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी और दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली की तर्ज पर मध्य प्रदेश में बदलाव के लिए डोर टू डोर अभियान आम आदमी पार्टी शुरू कर रही है. इसकी तैयारी के लिए यह प्रशिक्षण शिविर बुलाया गया है. मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार जा रही है और कांग्रेस ने आम जनता को बार-बार ठगा है. इसलिए आम आदमी पार्टी सरकार बनाने जा रही है. आम आदमी पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानी, रोजगार, सुरक्षा आदि के क्षेत्रों में काम करेगी. उन्होंने कहा कि चुनाव में पार्टी के बारे में जानकारी पहुंचाना, चुनाव चिन्ह पहुंचाना और हम ईमानदारी से काम करेंगे, इसकी जानकारी देना अहम होता है. आम आदमी पार्टी के साथ यह समस्या नहीं है. आज प्रदेश में आम आदमी पार्टी को सभी जानते हैं, चुनाव चिन्ह झाडू से भी सभी परिचित हैं और दिल्ली में हमारी सरकार ने जिस तरह काम किया है, उससे आम लोगों को यह भरोसा है कि पार्टी जनता के हित में काम करेगी. मध्य प्रदेश एक बड़ा राज्य है और हमें घर-घर तक अपने वादों को और काम को पहुंचाना है, उसकी रणनीति के लिए यह शिविर आयोजित किया गया है. उन्होंने कहा कि सरकार का काम लोगों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगारी आदि की गारंटी करना है, लेकिन मध्य प्रदेश में लोगों को जाति, धर्म के नाम पर बांटा जा रहा है, इससे साफ है कि भाजपा सरकार डरी हुई है और उसके पास बताने के लिए कोई काम नहीं है. 
चुनौतियों और रणनीति का प्रस्तुत किया खाका
प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की चुनौतियों और रणनीति का खाका प्रस्तुत किया. उन्होंने  कहा कि भाजपा सरकार ने पिछले 14 सालों में प्रदेश को लूट और भ्रष्टाचार दिया है. लोग भाजपा सरकार से नाराज हैं और कांग्रेस को भी विकल्प के रूप में नहीं देखना चाहते हैं, इसलिए प्रदेश में स्वच्छ और ईमानदार सरकार देना आम आदमी पार्टी की जिम्मेदारी है. उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों को उनकी फसल का उचित दाम नहीं मिल रहा है. कर्ज के कारण मध्य प्रदेश में 5 किसान रोज आत्महत्या कर रहे हैं. मध्य प्रदेश में अतिरिक्त उत्पादन होने के बावजूद बिजली देश में सबसे महंगी है और यही नहीं 43 लाख घरों में आज भी बिजली नहीं पहुंची है. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें