मंगलवार, 25 सितंबर 2018

महाकुंभ में भाजपा का चुनावी शंखनाद

 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा देश में गठबंधन में फेल कांग्रेस बाहर ढूंढ रही रास्ता

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में आज भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के उपस्थित में आयोजित कार्यकर्ता महाकुंभ में विधानसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया. महाकुंभ में प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा और कहा कि कीचड़ जितना उछाला है, उतना कमल खिला है. उन्होंने कहा कि देश में गठबंधन में फेल कांग्रेस अब विदेशों में रास्ता खोज रही है.
राजधानी में आयोजित कार्यकर्ता महाकुंभ में प्रदेश भर से लाखों की संख्या में कार्यकर्ता आए थे. महाकुंभ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के अलावा राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल, पूर्व मुख्यमंत्री और केन्द्रीय मंत्री उमा भारती, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, थावरचंद गहलोद, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे. कार्यकर्ता महाकुंभ में प्रदेशभर से आए भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महापुरुषों का जिक्र करते हुए कहा कि मैं तीन महापुरुषों महात्मा गांधी, राम मनोहर लोहिया और पंडित दीनदयाल उपाध्या को कभी भूल नहीं सकता. उन्होंने कहा कि वोट की राजनीति ने आज समाज को तबाह कर दिया है. आजादी के 70 साल में भी बर्बादी गई नहीं है. इसके लिए उन्होंने सीधे तौर पर कांग्रेस को जिम्मेदार बताया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मध्यप्रदेश में भी लंबे समय राज किया, मगर प्रदेश का ंबंटाढ़ार ही हुआ. मोदी ने कहा यही वजह है कि प्रदेश की जनता चौथी बार भाजपा की सरकार चुनेगी.  प्रधानमंत्री ने कहा कि जहां पर भी भाजपा की सरकार है, वहां की जनता को कुछ नहीं होने देंगे. हम वहां की जनता के लिए सब कुछ करेंगे, विकास की राजनीति हम करते हैं. देश और भाजपा शासित राज्यों की जनता भाजपा पर भरोसा करती है, इसकी वजह सिर्फ विकास है.
कांग्रेस में अहंकार
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस को लगातार मिल रही हार के बाद भी वह आत्मचिंंतन करने के बजाए अहंकार में है. मध्यप्रदेश के नेता अहंकार में आकर सरकार बनाने का स्वप्न देख रहे हैं, जनता परिणाम दे देगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस कुर्सी को खानदानी हक मानती है. कुर्सी पाने के लिए वह कुछ भी करेगी. आज वह छोटे दलों के पैर पकड़ रही है. उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस काम करती, विकास करती तो आज उसे गोद में बैठने की जरुरत नहीं होती.
विदेशों में ढूंढ रही रास्ता कांग्रेस
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस देश में गठबंधन करने में फेल हो गई है, इसके चलते अब वह बाहर रास्ता ढूंढ रही है. इसके चलते हालात यह बनाया जा रहा है कि अब हमें बाहरी देश यह बताएंगे कि प्रधानमंत्री कौन बनेगा. मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने भाजपा और मुझे खूब कोसा. खूब कीचड़ उछाला, लेकिन हुआ क्या,  जितना कीचड़ उछाला, उतना कमल खिला है.
तीन तलाक पर राजनीति न हो
मोदी ने अपने संबोधन में तीन तलाक का जिक्र किया और कहा कि इस पर वोट बैंक की राजनीति न हो. खासकर जिस पाटीृ की मुखिया एक महिला हो, उस पार्टी को. मां-बेटी हिन्दू हो या मुसलमान उस पर जुल्म नहीं होना चाहिए. वोट बैंक की राजनीति ने यह परिस्थिति पैदा की है. उन्होंने देश को वोट बैंक की राजनीति से मुक्त कराना होगा. इसके चलते राजनीति ने ऐसी बर्बादी लाई कि राजनीतिक दल चुनिंदा दल, लोगों को चुन लेते थे और सत्ता हासिल कर लेते थे. उन्हें पूरे देश, समाज, सभी लोगों से कोई लेना-देना नहीं था, इन्हीं से देश को बचाना है.
मोदी के भाषण के दौरान लगे आरक्षण के नारे
भाजपा के कार्यकर्ता महाकुंभ में आरक्षण का मुद्दा उठा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब मंच से भाषण दे रहे थे कि तभी अचानक एक व्यक्ति भीड़ में से उठा और नारे लगाने लगा. उसे पुलिस और भाजपा नेताओं ने बाहर निकाल दिया. बताया जाता है कि वह व्यक्ति आरक्षण जिंदाबाद के नारे लगा रहा था.  यह पता नहीं चल पाया है कि संबंधित व्यक्ति कौन था और क्या भाजपा के अलावा भी किसी संगठन का कार्यकर्ता था. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें