बुधवार, 19 सितंबर 2018

खराब छवि वालों को भाजपा नहीं देगी टिकट

मध्यप्रदेश भाजपा विधानसभा चुनाव में उन्हीं दावेदारों को टिकट देगी, जिनकी छवि समाज और क्षेत्र में अच्छी होगी. आपराधिक छवि वालों से पार्टी ने इस चुनाव में दूरी बनाने का फैसला लिया है.
भाजपा इस बार चुनाव में टिकट वितरण को मचने वाले घमासान को देखते हुए अभी से फूंक-फूंक कर कदम उठा रही है. भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा दी गई गाइड लाइन पर प्रदेश संगठन पूरी तरह सक्रिय है और उसकी के मुताबिक टिकट वितरण को लेकर दावेदारों के नामों पर पदाधिकारियों से चर्चा कर रहा है. प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंंह लगातार जिलों के पदाधिकारियों से संपर्क कर और बैठकें लेकर इन सब पर चर्चा कर रहे हैं. चुनाव समिति को मिले फ्रीहैंड के बाद से समिति के पदाधिकारी प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया को रुप दे रहे हैं. इस बार पार्टी ने आपराधिक प्रवृत्ति के दावेदारों से दूरी बनाने का फैसला लिया है. उन्हीं दावेदारों पर विचार किया जाएगा जिनकी छवि समाज में और विशेषकर जिस विधानसभा क्षेत्र से वे दावेदारी कर रहे हैं, वहां पर अच्छी हो. पार्टी ने इसके लिए सर्वे भी कराया है. इस सर्वे के अनुसार ही संगठन और चुनाव अभियान समिति द्वारा कार्य किया जा रहा है.
पार्टी द्वारा कराए गए सर्वे में वर्तमान विधायकों में अधिकांश की छवि खराब होने की बात भी सामने आई तो कुछ विधायकों को लेकर यह बातें सामने आई कि कार्यकर्ताओं से उनका तालमेल ठीक नहीं रहा. इन विधायकों के टिकट काटने पर भी राष्ट्रीय नेतृत्व ने चुनाव अभियान समिति को कह दिया है. राष्ट्रीय नेतृत्व इस बार संगठन पर खरा उतरने और बेदाग छवि वाले दावेदार को टिकट देने का मन बना चुकी है. यहां उल्लेखनीय है कि पूर्व में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान भी कई बार विधायकों से वन-टू-वन चर्चा के दौरान मैदान में सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ता से सामंजस्य बैठाने को कह चुके थे. इसके बाद संघ और संगठन द्वारा कराए गए सर्वे के अनुसार जिन विधायकों की छवि खराब होना सामने आई है, पार्टी उन्हीं टिकट नहीं देने का फैसला कर चुकी है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें