गुरुवार, 13 सितंबर 2018

कार्यकर्ता से सवाल-जवाब करेंगे अमित शाह



मध्यप्रदेश भाजपा द्वारा 25 सितंबर को आयोजित किए जा रहे कार्यकर्ता महाकुंभ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बूथ स्तर के कार्यकर्ता से सवाल-जबाब कर चुनाव की तैयारियों की जानकारी लेंगे. अध्यक्ष और कार्यकर्ता के बीच होने वाले इस संवाद को देखते हुए अब मध्यप्रदेश भाजपा संगठन कार्यकर्ताओं चुनावी तैयारी का पाठ पढ़ा रहा है.
मध्यप्रदेश में भाजपा द्वारा 25 सितंबर को आयोजित कार्यकर्ता कुंभ में चुनावी शंखनाद करने की तैयारी कर ली गई है. इस महाकुंभ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी उपस्थित रहेंगे. शाह ने इस बात के निर्देश प्रदेश संगठन को दिए हैं कि वे महाकुंभ में किसी भी बूथ के किसी भी कार्यकर्ता से सीधा संवाद कर विधानसभा और उसके बाद 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों का जायजा लेंगे. इस बात को लेकर प्रदेश भाजपा संगठन सक्रिय हो गया है और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारी का पाठ पढ़ाने में जुट गया है. भाजपा ने महाकुंभ के पहले बैठकों का दौर हर जिले में शुरु कर दिया है.साथ ही बात का फरमान भी जारी किया है कि इस बूथ से कम से कम 20 कार्यकर्ताओं को महाकुंभ में लाया जाए. इस महाकुंभ को सफल बनाने के लिए भाजपा पूरी तरह से ताकत लगा रही है और एक लाख से ज्यादा कार्यकर्ताओं को महाकुंभ में लाने का प्रयास कर रही है.
जबलपुर, ग्वालियर से विशेष ट्रेन 
भाजपा ने कार्यकर्ताओं को महाकुंभ में लाने के लिए स्पेशल ट्रेन की व्यवस्था की है. अभी तक जबलपुर और ग्वालियर से ट्रेनों के द्वारा कार्यकर्ताओं को लाने की तैयारी हुई है. बताया जा रहा है कि भाजपा ने दोनों स्थानों से 24 बोगियों वाली ट्रेनें बुक कराई है. साथ ही ग्वालियर एवं जबलपुर से दो-दो सौ बसों द्वारा भी कार्यकर्ताओं को भोपाल लाने की व्यवस्था की जा रही है. जबलपुर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राकेश सिंह का गृह जिला है. इस वजह से यहां से 25 हजार से ज्यादा कार्यकर्ताओं को लाकर वे अपना शक्ति प्रदर्शन भी करना चाहते हैं साथ ही वे महाकुंभ में भीड़ दिखाकर अमित शाह को यह बताना चाहते हैं कि प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए उनका चयन गलत नहीं है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें