गुरुवार, 13 सितंबर 2018

आठ फीसदी कम हुई बारिश, फिर सक्रिय शुरु हो सकता है बारिश का दौर

 राजधानी में भी सामान्य से कम दर्ज की बारिश
मध्यप्रदेश में इस वर्ष सामान्य से आठ फीसदी बारिश कम हुई है. वहीं राजधानी  भोपाल में भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है. राजधानी में 228.1 मिलीमीटर बारिश कम होना दर्ज की है. मौसम विभाग के अनुसार हाल ही में बंगाल की खाड़ी में एक और कम दबाव का सिस्टम बन रहा है, जिससे प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है, मगर राजधानी में इसका असर नहीं दिखाई देगा. 
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी सक्रीय कम दबाव का क्षेत्र के कारण फिलहाल यह नहीं कहा जा सकता कि मानसून पूरी तौर पर जाने लगा है. अगर स्थितियां ऐसी ही बनी रहीं तो, आगामी दिनों में मध्य प्रदेश सहित छत्तीसगढ़ में कुछ दिन के लिए बारिश का सिलसिला फिर से शुरू हो सकता है. इस सिस्टम के बनने से से कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावनाएं काफी ज्यादा हैं.  मध्यप्रदेश मेंं अब तक औसत से आठ फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है. साथ ही राजधानी भोपाल के लिए चिंता इस बात की है कि, यहां अब तक कुल 767.1 मिमी. बारिश दर्ज हुई है, जो सामान्य से 228.1 मिमी. कम दर्ज हुई है.
वैसे मध्यप्रदेश से मानसून विदाई की ओर है. वहीं राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के लगभग सभी इलाकों में आसमान से बादल साफ हो चुके हैं. आसमान साफ होने की वजह से रात के समय ठंडक बढ़ गई है. ज्यादातर खुले इलाकों में रात के समय ओस पड़ने लगी है, लेकिन मौसम विज्ञान केन्द्र द्वारा जारी बयान कि बंगाल की खाड़ी में अब भी एक कम दबाव का क्षेत्र सक्रीय हो रहा है, जिसके चलते अभी मानसून के पूरी तरह से जाने के बारे में साफ तौर पर नहीं कहा जा सकता.
राजधानी पर नहीं होगा खास असर
मौसम विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश में इस बार 1 जून से 30 सितंबर तक मानसूनी सीजन माना गया था. इस वर्ष राजधानी में बरसात अभी तक सामान्य वर्षा के आंकड़े से काफी दूर है. सीजन में सामान्य बरसात 1086.6 मिमी. होती है, लेकिन बुधवार सुबह तक सीजन में कुल 767.1 मिमी. बरसात हुई है, जो अभी सामान्य से 22 सेमी.कम है. मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार 14 से 20 सितंबर के बीच बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की भारी संभावना है. लेकिन, इसका असर राजधानी के बजाय प्रदेशभर में ज्यादा रह सकता है.
होशंगाबाद जिले में बारिश की संभावना
होशंगाबाद जिले में अभी बारिश होने की संभावना है. मानसून 30 सितंबर तक ही जाएगा. बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम का असर होशंगाबाद जिले में दिखाई दे सकता है.  हालांकि यह 20 के आसपास ही तय होगा।.तीन दिन से बारिश बंद है, लेकिन बुधवार की शाम को बादल छाए और हल्की बूंदा-बांदी हुई. जिले की औसत बारिश 131 सेमी है. इसमें से अभी तक 75 सेमी बारिश हो चुकी है. अभी 56 सेमी बारिश होना बाकी है. अभी तवा बांध का जलस्तर भी 1155 फीट पर ही पहुंचा है. अभी तवा बांध ही 11 फीट खाली है. मौसम विभाग के भोपाल के वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून अभी 30 सितंबर तक रहेगा. इसके पहले मौसम की गतिविधियां जारी रहेंगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें