बुधवार, 12 सितंबर 2018

ग्रामीण क्षेत्रों में उपलब्ध कराए जाएंगे डाक्टर

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज रतलाम में कहा कि ग्रामीण अंचलों में पर्याप्त संख्या में डाक्टर उपलब्ध कराए जाएंगे. प्रदेश में मेडिकल कालेज की संख्या निरंतर बढ़ाई जा रही है. पहले प्रति वर्ष 600 डॉक्टर प्रदेश में तैयार होते थे. अब प्रदेश को 2600 डाक्टर प्रति वर्ष मिलेंगे. 
उन्होंने रतलाम में मेडिकल कालेज सहित 400 करोड़ से भी ज्यादा लागत के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन करते हुए यह जानकारी दी.  चौहान ने घोषणा की कि प्रदेश की मेधावी विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना का लाभ रतलाम मेडिकल कालेज के विद्यार्थियों को भी दिया जाएगा. मुख्यमंत्री ने मेडिकल कालेज परिसर में मां सरस्वती की प्रतिमा का पूजन-अर्चन भी किया. चौहान ने बताया कि रतलाम मेडिकल कालेज में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं. मेडिकल कॉलेज में 750 बिस्तरीय अस्पताल का निर्माण किया गया है, जहां गंभीर बीमारियों के उपचार की समुचित व्यवस्था मुहैया कराई जाएगी. उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्रथम बैच के विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि रतलाम मेडिकल कॉलेज का अस्पताल निश्चित ही उज्जैन संभाग का सर्वश्रेष्ठ अस्पताल होगा. श्री चौहान ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिये राज्य सरकार द्वारा मुहैया करवाई जा रही आर्थिक सहायता की योजनाओं के बारे में भी बताया.
मुख्यमंत्री को विधायक चैतन्य काश्यप ने स्वर्णाक्षरों से रचित अभिनंदन-पत्र भेंट किया. स्थानीय उद्योग संघ, लघु उद्योग भारती, वैश्य महा-सम्मेलन, नमकीन व्यापारी संघ, इण्डियन मेडिकल एसोसिएशन सहित करीब 25 स्वयंसेवी संस्थाओं और संगठनों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें