गुरुवार, 13 सितंबर 2018

रास्ते को लेकर दो परिवारों के बीच खूनी संघर्ष


राजधानी के खजूरी थाना क्षेत्र में दो परिवारों के बीच मकान बनाने को लेकर खूनी संघर्ष हो गया. परिवारों के बीच विवाद मकान के बीच में  रास्ता छोड़ने की बात को लेकर हुआ था.
पुलिस के अनुसार ग्राम बरखेड़ा बोंदर निवासी मोनू कुशवाह के मकान के पास राजकुमार कुशवाह का मकान है. बीती रात मोनू का विवाद राजकुमार कुशवाह से मकान के बीच में 5 फिट गली छोड़ने की बात को लेकर हो गया. विवाद बातो-बातों में इतना बढ़ गया कि दोनों परिवार के लोगों ने आपस में लाठी डंडों से हमला कर दिया. हमले में मोनू और राजकुमार को गंभीर चोटें आई हैं. पुलिस ने दोनों परिवार के सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. मामला दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है. जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लिया जाएगा.
सूने आवास से चोरी
राजधानी के कोलार थाना पुलिस के अनुसार फैमी सज्जी थामस पति सज्जी थामस निवासी मकान नंबर 475 सर्वधर्म कालोनी बी सेक्टर, की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. फैमी थामन ने पुलिस को बताया कि सुबह वह अपने घर पर ताला लगाकर बाहर निकली थी. शाम को जब वह वापस अपने घर लौटीं, तो मुख्य दरवाजे के ताले को टूटा हुआ पाया.  पुलिस का कहना है कि अज्ञात आरोपियों ने मकान में रखे दो टैबलेट फोन, 2 एंड्राइड मोबाइल, 6 हजार रुपए नगर, एटीएम कार्ड समेत कुल 35 हजार रुपए कीमत का माल चुराया है. पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज करने के बाद से अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है.
नाबालिग लापता
राजधानी के गांधी नगर थाना पुलिस के अनुसार लाउखेड़ी निवासी उमा बाई विश्वकर्मा की 13 वर्षीय पुत्री मोना विश्वकर्मा, बीते मंगलवार सुबह से लापता है.  मोना के अचानक घर से लापता हो जाने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश आसपास के इलाकों में की, लेकिन पता नहीं लग पाया. बाद में परिजनों ने थाने पहुंचकर मोना की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस का कहना है कि चूंकि लापता हुई मोना नाबालिग है, इसलिए अपहरण का मामला दर्ज किया गया है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें