मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कल सोमवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी रोड शो कर कांग्रेस का चुनावी शंखनाद करेंगे. वे राजधानी में करीब छह घंटे रहेंगे और कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों से सीधा संवाद करेंगे.
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी कल सुबह 11 बजे विशेष विमान से भोपाल पहुंचेंगे. वे विमानतल से बंद गाड़ी में लालघाटी तक पहुंचेंगे. उनका यहां से 11.30 बजे विशेष बस में रोड शो शुरू होगा जो वीआईपी गेस्ट हाउस से होता हुआ, पुराना सचिवालय, हमीदिया चौराहा, सदर मंजिल, मोती मस्जिद, कमला पार्क, पालिटेक्निक चौराहा, रोशनपुरा, अपेक्स बैंक तिराहा, पीसीसी, बोर्ड आफिस, चेतक ब्रिज, आईएसबीटी होता हुआ 12 किलोमीटर की दूरी तय कर भेल दशहरा मैदान पहुंचेगा. भेल स्थित मैदान में राहुल गांधी पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारियों से सीधा संवाद करेंगे. प्रदेश कांग्रेस द्वारा अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर जोरदार तैयारियां की गई है. राजधानी के मार्गों पर झंडे और बैनर लगाए गए हैं. प्रदेश कांग्रेस की ओर से टिकट के दावेदारों से भीड़ जुटाने को कहा गया है. बताया जा रहा है कि हर दावेदार को निर्देश दिए हैं कि वे कम से कम 5 हजार लोगों और समर्थकों के साथ राजधानी पहुंचे.पार्टी ने 8 लाख कार्यकर्ता जुटाने की तैयारी की है.
शिवभक्त बताया राहुल को
राजधानी में राहुल गांधी के आगमन को लेकर पोस्टर लगाए गए हैं, इन पोस्टरों के जरिए राहुल को शिवभक्त बताया गया है. भोपाल में लगे पोस्टर हाल ही में मानसरोवर की यात्रा से लौटे राहुल अब भोपाल का दौरा करेंगे. भोपाल में लगे पोस्टर राहुल के शिवभक्त होने की गवाही दे रहे हैं, जो राहुल गांधी की मानसरोवर यात्रा का प्रचार प्रसार करते नजर आ रहे हैं. राजधानी के गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में गिरीश शर्मा मित्रमंडल ने यह पोस्टर लगाया है, जिसमें मानसरोवर का चित्र और राहुल गांधी के नाम के आगे शिवभक्त लिखा गया है.
भाजपा ने कहा चुनावी नौटंकी
भाजपा इसे चुनावी नौटंकी बता रही है. वहीं कांग्रेस का कहना है इसमें गलत क्या है. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुजरात में एक कार्यक्रम के दौरान खुद को शिवभक्त कहा था, वहीं कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला राहुल गांधी को जनेऊधारी शिवभक्त कह चुके हैं.
राहुल बताएं, कांग्रेस ने प्रदेश को क्यों बनाया बीमारु राज्य: शिवराज
राज्य के मुख्यमंत्री शिवराजसिंंह चौहान ने आज नरसिंहगढ़ में जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राहुल गांधी को मध्यप्रदेश यात्रा के दौरान यह बताना चाहिए कि कांग्रेस ने प्रदेश को बीमारु राज्य क्यों बनाया? मुख्यमंत्री ने कांग्रेस अध्यक्ष से पूछा कि राहुलजी, आपकी सरकारों ने मध्यप्रदेश को तबाह और बर्बाद क्यों कर दिया था ? मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और उसके अध्यक्ष राहुल गांधी को जमकर आड़े हाथों लिया और उन पर सवालों की बौछार की. मुख्यमंत्री ने सभा में उपस्थित जनसमुदाय को भाजपा और कांग्रेस की सरकारों में अंतर बताते हुए कहा कि सरकार- सरकार में फर्क होता है. कांग्रेस की सरकार आई सड़कें गायब हो गयीं, हमने सड़कों का जाल बिछाया. कांग्रेस आई प्रदेश में अंधेरा हो गया और हमने 24 घंटे बिजली देने का काम किया. कांग्रेस आई, पानी की कमी हो गई.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें