राजधानी में दस दिनों तक चलने वाला गणेश उत्सव आज गणेश प्रतिमाओं की स्थापना के साथ शुरु हो गया. सुबह से ही घर-घर और सार्वजनिक स्थलों पर गणेश प्रतिमाओं की स्थापनाओं का सिलसिला शुरु हुआ जो देर रात तक चलता रहा. राजधानी में आज सुबह से ही बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई थी. लोगों ने गणेश प्रतिमाएं खरीदकर घर ले गए और प्रतिमाओं पूजा-पाठ कर स्थापना की. घरों के अलावा प्रमुख चौक-चौराहों के साथ ही कालोनियों में गणेश उत्सव पर्व की धूम रही. राजधानी के कोलार बीमा कुंज में लाल बाग के राजा की आकर्षक झांकियां बनाई गई है. न्यू मार्केट, महाराणा प्रताप नगर, साढ़े छह नंबर, इन्द्रपुरी, सिक्यूरिटी लाइन, पुराने शहर जुमेराती में झिलमिलाती झांकियों का निर्माण किया गया है.
मुख्यमंत्री निवास में भी विराजे गणेश
मुख्यमंत्री निवास में भी गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई. प्रतिमा लेने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह पहुंचे. इस दौरान उनके साथ पत्नी साधना सिंह और दोनों बेटे कुणाल ओर कार्तिकेय भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है. उन्होंने कामना की है गणेश चतुर्थी पर हर घर में खुशहाली और सुख-समृद्धि आये. मुख्यमंत्री ने शुभकामना संदेश में कहा कि बुद्धि और समृद्धि के आराध्य देव भगवान श्री गणेश जीवन में श्रेष्ठ और सृजनात्मक कार्य करने की प्रेरणा देते हैं. चौहान ने प्रदेशवासियों से गणेश चतुर्थी पर्व को उत्साह, उल्लास, उमंग, सौहार्द और सदभाव की गौरवशाली परंपराओं के साथ मनाने का आग्रह किया है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें