गुरुवार, 13 सितंबर 2018

जनआशीर्वाद यात्रा में दूसरे दलों के नेताओं से दूरी बना रहे शिवराज

 मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान अपनी जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान दल विशेष (भाजपा) के लोगों और नेताओं से मिलते हैं, अन्य दलों के नेताओं से दूरी बना रहे हैं, यहां तक की वे दूसरे दलों से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं से ज्ञापन तक नहीं ले रहे हैं. 
समाजवादी पार्टी की चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष बनते यादव ने, ये आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि जनआशीर्वाद यात्रा पूरे प्रदेश में घूम रही है, लेकिन मुख्यमंत्री केवल एक दल विशेष के लोगों से मिल रहे है उनकी बात सुन रहे है, जबकि मुख्यमंत्री प्रदेश के विपक्षी दल एवं जनसंगठनों से ज्ञापन तक लेने से इंकार कर रहे है. यदि कोई विपक्षी दल का प्रतिनिधि मंडल ज्ञापन देना चाहे या मिलकर जनता की कोई बात कहना चाहे तो उनपर पुलिस कार्यवाही की जा रही है, यह अलोकतांत्रिक है. यादव ने कहा कि बैतूल जिले में जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान मुलताई में ऐसा ही हुआ. यहां पर समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष अनिल सोनी जब मुख्यमंत्री को जनसमस्याओं को लेकर ज्ञापन देना चाह रहे थे, तब उन्हें जबरदस्ती पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर थाने में बैठा लिया गया और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी नहीं देने दिए गया.  यादव ने मुख्यमंत्री को चेतावनी देते हुए कहा की यदि उनका यही रवैया जारी रहा तो पार्टी को कड़ी जवाबी कार्यवाही के लिए मजबूर होना पड़ेगा जिसकी  जिम्मेदारी मुख्यमंत्री की होगी.
 उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह द्वारा की प्रदेश में निकाली जा रही जनआशीर्वाद यात्रा में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया जा रहा है तथा चुनाव की दृष्टि से वोटरों को लुभाने के लिए तमाम घोषणाएं की जा रही है, जिनका बजट में कोई प्रावधान नहीं है.  उन्होंने आयोग से मांग की है की यात्रा के दौरान शासकीय कर्मचारी भी भाजपा के कार्यक्रमों में सहयोग कर रहे हैं, ऐसे कर्मचारियों पर निलंबन की कार्रवाई की जाए.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें