मध्यप्रदेश कांग्रेस ने 12 लाख नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के मामले पर आपत्ति जताई है. निर्वाचन पदाधिकारियों को एक पत्र देकर कांग्रेस ने इतनी बड़ी संख्या में नाम जोड़ने पर संदेह जताया है.प्रदेश कांगे्रस के चुनाव कार्य प्रभारी जे.पी. धनोपिया ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बी.एल. कांताराव को पत्र सौंपकर कहा है कि आयोग को एक महीने के अंदर सवा बारह लाख से अधिक नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के प्रस्ताव प्राप्त होना आश्चर्यजनक है और उनकी इतनी अधिक संख्या संदेह पैदा करती है. जबकि इसके पूर्व विगत 31 जुलाई को साढ़े 10 लाख से अधिक नए मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किये जा चुके हैं. निश्चित रूप से सत्ताधारी दल भाजपा के दबाव में अनेक शासकीय बीएलओ द्वारा गलत जानकारियां उपलब्ध कराकर बड़े पैमाने पर एक बार फिर मतदाता सूची में हेरफेर की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने आग्रह किया है कि राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष औचित्य और वस्तुस्थिति स्पष्ट किये बिना और गहन जांच के बगैर एक महीने के अंदर प्राप्त ये नये नाम न जोड़े जाएं. पत्र में उल्लेख किया है कि निष्पक्ष और स्वतंत्र मतदान के लिए जरूरी है कि 27 सितंबर को आयोग द्वारा जो अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होना है, उसमें डुप्लीकेट और फर्जी मतदाताओं के नाम शामिल न हों.
धनोपिया ने कहा कि कांगे्रस ने पूर्व में 204 विधानसभा क्षेत्रों में 56 लाख डुप्लीकेट और फर्जी मतदाताओं की जो सूची सौंपी थी, उसके अनुरूप मतदाता सूची में सुधार किया जाए कांगे्रस द्वारा दस्तावेजों सहित आपत्तियां प्रस्तुत की जा चुकी हैं, जिनका निराकरण किया जाना अपेक्षित है. धनोपिया ने लिखा है कि वोटर लिस्ट के प्रारूप पर 23 लाख दावे आपत्तियां भी मुख्य चुनाव कार्यालय को प्राप्त हुई हैं, जिनका निराकरण 27 सितम्बर के पूर्व किया जाएगा. इसके साथ-साथ जो नये नाम जोड़ने के लिए आये हैं, उनकी भी जांच की जाए.
भोपाल में 23 से 26 नवंबर के बीच न हो मतदान
जे.पी. धनोपिया ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से आग्रह किया है कि राजधानी भोपाल में अल्पसंख्यक वर्ग का विश्व स्तरीय धार्मिक सम्मेलन इज्तिमा 23 से 26 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा. इसलिए इस अवधि में विधानसभा चुनाव के मतदान की तिथि नियत न की जाये, क्योंकि इससे लाखों की संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के मतदाता अपने मताधिकार से वंचित रहने की संभावना बनी रहेगी.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें