मंगलवार, 11 सितंबर 2018

मोदी, शाह, शिवराज पर हमला बोला दिग्विजय ने

पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, अमित शाह और  शिवराज पर जमकर हमला बोला. उन्होंन नोटबंदी से लेकर भ्रष्टाचार तक सरकार को घेरा. वहीं उन्होंने बंद के दौरान समर्थन देने के लिए सभी दुकानदार और व्यापारियों का धन्यवाद करते हुए उनका आभार व्यक्त किया. सिंह ने शिवराज पर निशाना साधते हुए कहा कि मैं शिवराज पर घोटालों का आरोप लगा रहा हूं, शिवराज के घोटालों पर तो पुराण लिखी जा सकती है. मुख्यमंत्री का परिवार व्यापम, रेत खनन,ई टेंडर और पोषण आहार वितरण घोटाले में शामिल है. 
दिग्विजय सिंह ने आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए शिवराज के देशद्रोही वाले बयान  पर मानहानि का दावा पेश करने की बात कही. इसके अलावा सिंह ने केन्द्र सरकार पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि पूरी एनडीए बिना सोचे समझे फैसले ले रही है. नोटबंदी से देश को बहुत नुकसान हुआ. देश में बेरोजगारी बढ़ी, भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला. सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने जो समन्वय समिति बनाई है, उसमें 51 जिलों में से 37 वां जिला भोपाल का है. हम लोग विधानसभा वार बातें करते हैं. अभी तक 1000 सीनियर लीडर से बात हो चुकी है, सवा लाख कार्यकतार्ओं से भी बात हुई है. सिंह ने बताया कि 51 में से 37 जिलों में वन टू वन प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की है.
सिंह ने लगातार बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर शिवराज सरकार पर भी निशाना साधा. सिंह ने कहा कि शिवराज सरकार ने पेट्रोलियम पदार्थों से 11 लाख करोड़ रुपए वसूल किया है. प्रदेश सरकार बिना किसी ठोस कारणों के निर्णय ले रही है. वही मुख्यमंत्री को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि चौहान बड़े पैमाने पर घोषणाएं कर रहे हैं, जिससे उनकी घबराहट साफ दिखाई देती है. पहले मुझे देशद्रोही बताया बिना प्रमाण के और अब मेरे संबंध नक्सलियों से बताए जा रहे हैं.
शिवराज को दी चुनौती
सिंह ने कहा कि सरकार अपनी असफलताओं को छुपाने के लिए सोशल इशू पर जनता का ध्यान केन्द्रित कर रही है.राजनीति मे कटुता नही प्रतिद्वंदिता हो सकती है.उन्होंने कहा कि मेरे पर देशद्रोही होने का आरोप बीजेपी लगाती है, लेकिन कोई सबूत अभी तक उनको नहीं मिले.मेरे पर भ्रष्टाचार करने का आरोप प्रमाणित करने मैं चुनौती देता हूं. मैं शिवराज को चुनौती देता हूं कि मेरे ऊपर एक भी भ्रष्टाचार का आरोप लगा दे प्रमाणित करने की बात तो दूर. मुझ पर आरोप लगाए थे तो मैंने मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था. बाद में मुझ पर आरोप लगाने वाले लोगों ने मुझसे माफी मांगी.  शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ मानहानि का नोटिस तैयार हो गया है और जल्द ही उन्हें भेजा जाएगा.वही दिग्विजय ने शिवराज को दूसरी चुनौती देते हुए कहा कि अगर शिवराज 15 साल का विकास बता देंगें तो मै भी अपने कार्यकाल में हुए विकास की लिस्ट बताउंगा.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें