मंगलवार, 11 सितंबर 2018

कमलनाथ, शिवराज मिलकर लूट रहे जनता को

सभाको संबोधित करते हुएआलोक अग्रवाल 
मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में आम सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष और आप के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार आलोक अग्रवाल ने कहा कि यह क्षेत्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ का है, जो यह कहते हैं कि भाजपा की सरकार के रहते मध्य प्रदेश में काफी भ्रष्टाचार हुआ है. इसलिए भाजपा सरकार को हटाना चाहिए. उन्होंने कहा कि इसलिए यहां एक बात बताना जरूरी है कमलनाथ जब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बने, तो प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करके कहा कि कमलनाथ तो हमारे मित्र है और उसके अगले दिन हमने बताया कि कमलनाथ कैसे शिवराज सिंह के दोस्त हैं. यह ऐसे दोस्त है, जो अब तक परदे के पीछे से मिलकर मध्य प्रदेश को लूटते रहे हैं. इसलिए अगर कांग्रेस की सरकार आई तो फिर दोनों मिलकर प्रदेश को लूटते रहेंगे. उन्होंने कमलनाथ और शिवराज सिंह की मिलीभगत का खुलासा करते हुए कहा कि अनूपपुर में मोजर बियर कंपनी की एमवी पॉवर के साथ शिवराज सिंह सरकार ने बिजली का एक गैरकानूनी समझौता किया. यह एमवी पॉवर कंपनी कमलनाथ की बड़ी बहन नीता पुरी की है. दूसरी परियोजना पेंच की है. पेंच परियोजना को अडानी को दिया गया. 750 एकड़ जमीन किसानों की दी गई इस परियोजना के लिए, जिसे 40 महीने में बनकर तैयार होना था. इसे आठ साल हो गए लेकिन एक पत्थर भी नहीं मिला. कानून कहता है कि पांच साल में परियोजना शुरू न हो तो किसानों को जमीन वापस मिलनी चाहिए. इस मामले पर कमलनाथ जी ने सांसद रहते कभी बात नहीं की. तीसरी योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यही हाल 8000 एकड़ जमीन सेज के नाम पर छीनी गई, उसका है. उन्होंने कमलनाथ, शिवराज को बिजली माफिया करार देते हुए कहा कि मोदी जी ने पिछले लोकसभा चुनाव में सभी जगह प्रचार किया लेकिन छिंदवाडा में प्रचार नहीं किया. उन्होंने व्यंग्य के साथ कहा कि असल में जो मोदी जी मित्रों कहते हैं, उसमें कमलनाथ, अडानी, शिवराज की ही मित्रता है. उन्होंने *प्रदेश सरकार पर हमला* करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार फैला हुआ है. मध्य प्रदेश में बिजली सबसे महंगी है. 43 लाख घरों में बिजली नहीं है. 90 प्रतिशत स्कूलों में बिजली नहीं है. 40 लाख घरों की महिलाओं को एक किमी दूर से पानी लाना होता है. जरूरत के आधे ही अस्पताल हैं, और जो हैं उनमें 50 प्रतिशत में डॉक्टर नहीं हैं. रोज पांच किसान आत्महत्या कर रहे हैं और 92 बच्चे रोज कुपोषण के कारण मौत के मुंह में समा जाते हैं. मध्य प्रदेश में 50 प्रतिशत से कम रिजल्ट आता है, आठवीं क्लास का बच्चा 1-9 तक के अंक नहीं जानते. ऐसी सत्ता को बदलाना जरूरी ही नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी भी है. आम आदमी पार्टी प्रदेश में इस लूट और भ्रष्टाचार के राज को खत्म करेगी और आम आदमी का राज लाएगी. 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें