मध्यप्रदेश के अलीराजपुर में एक शराब ठेकेदार के कर्मचारियों से 22 लाख लूट कर फरार हुए लुटेरों की घेरबंदी करके शिवपुरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. लूटेरों ने पुलिस से बचने के लिए फायरिंग भी की. जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की. लुटेरों के पास से लूट के 21 लाख 69 हजार रुपए जब्त हुए है. साथ ही दो देशी कट्टा भी जब्त किया गया है. पकड़े गए लुटेरे मुरैना जिले के रहने वाले है.
मंगलवार शाम 6 बजे अलीराजपुर और कट्ठीवाड़ा के बीच शराब ठेकेदार पिंटू जायसवाल के कर्मचारी मैनेजर दिनेश सिंह, संजय जादौन, अमित शिवहरे तथा जीप चालक शाहरुख अहमद के साथ शराब दुकान के कलेक्शन का पैसा 22 लाख रुपये लेकर लौट रहे थे. इस दौरान फिल्मी स्टाइल पर एक कार में लुटेरे उनके पास पहुंचे और पत्थर से जीप का कांच फोड़कर उसमें बैठे लोगों की आंख में मिर्ची झोंक कर पैसा लेकर फरार हो गए. इस लूट की जानकारी मिलते ही तत्काल अलीराजपुर पुलिस ने कंट्रोल रुम से गाड़ी का नम्बर प्रसारित कर सभी हाईवे में नाकेबंदी करा दी. बुधवार सुबह गुना के धरनावदा थाने के टीआई नीरज बिरथरे को टोल नाका तोड़कर भाग रही कार दिखाई दी. वे उस कार के पीछे लग गए और शिवपुरी पुलिस को इसकी सूचना दी. शिवपुरी एसपी राजेश हिंगणकर ने तत्काल फोर्स को कार की घेरबन्दी करने को भेजा. शहर तथा जिले सभी नाकों पर अलर्ट जारी किया. देहरदा चौराहे पर कार आती दिखाई पड़ी तो नाकेबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया. लुटेरों ने कार की स्पीड बढ़ा कर वहां से बच निकले. तत्काल आगे के थाने को लुटेरों के आने की सूचना दी गई और पुलिस फोर्स उसके पीछे लग गया. वहीं पुलिस की दूसरी टीम कोलरस के पास पुरनखेड़ी टोल पर पहुंच गई. टोल पर भारी पुलिस बल को देखते हुए लुटेरो ने अपनी कार को ग्रामीण क्षेत्र लुकवासा की तरफ मोड़ दिया. जिले की तीन थानों की फोर्स अब लुटेरों के पीछे थी. लुकवास से करीब चार किलोमीटर अन्दर पुलिस ने लुटेरों को घेर लिया. पुलिस द्वारा घेरे जाने पर लुटेरे कार से बाहर निकले और फायरिंग शुरू कर दी. इस बीच पुलिस फोर्स पर मिर्च पावडर भी लुटेरों ने फेंका. जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की और लुटेरों को धर दबोचा. पकड़े गए लुटेरों का नाम रणधीर जादौन (26), श्याम बहादुर (22) और राहुल (22) निवासी मुरैना तहसील सबलगढ़ के बताए जा रहे है.
पुलिस ने इनके पास से लूट के 21 लाख 69 हजार 290 रुपए दो देशी कट्टा, कारतूस के खोल और जिन्दा कारतूस जब्त किए हैं. साथ ही लूट में प्रयुक्त कार एमपी 06-सीए 3697 भी जब्त कर ली है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें