प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, उड़ीसा,गुजरात, राजस्थान में कर चुके हैं वारदात
मध्यप्रदेश की अनूपपुर पुलिस ने एक अंतरराज्यीय बैंक और एटीएम काटकर चोरी करने वाले गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया है.आरोपियों ने मध्यप्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उड़ीसा और गुजरात राज्यों में वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है. पकड़े गए आरोपियों के साथी भाग गए. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है.पुलिस के अनुसार अनूपपुर मुखबिर के द्वारा यह सूचना मिली कि ग्राम डोंगरिया में नीतेश गोयनका के क्रेशर के पास 5-6 लोग खड़े हुए हैं, जो आपस में सेन्ट्रल बैंक बिजुरी में डकैती डालने की बात कर रहे हैं. मुखबिर की सूचना पर निरीक्षक महेन्द्र सिंह चौहान ने अपने स्टाफ की मदद से मुखबिर के बताये स्थान पर जाकर घेराबंदी कर तीन को हिरासत में लिया. जबकि दो व्यक्ति रात के अंधेरा का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे. पकड़े गए व्यक्तियों में 1 ने अपना नाम सादिक खान, निवासी ककराला थाना अलापुर जिला बदायूं उत्तरप्रदेश बताया. दूसरे ने फईम और तीसरे ने अपना नाम सलीम पिता मोहम्मद नईमुद्दीन सिद्धकी बताया. नई गुरपुरी थाना बिनावर जिला बदायूं का रहने वाला है. जबकि फईम अलापुर का ही रहने वाला है.
पूछताछ पर उनके द्वारा सेन्ट्रल बैंक की शाखा बिजुरी में तिजोरी काटकर डकैती डालने की तैयारी की जानी बताई एवं अपने साथी अकमल खान पिता मोहम्मद रजा निवासी ककराला, थाना अलापुर जिला बदायूं व आरिफ उर्फ रफीक खान निवासी सीमापुरी दिल्ली का मौका पाकर भाग जाना बताए. पकड़े गये आरोपियों की तलाशी ली गई तो आरोपी सादिक खान के पास एक 315 बोर का कट्टा एवं 315 बोर के 4 जिंदा कारतूस तथा एक सेमसंग कम्पनी का मोबाईल मिला. दूसरे आरोपी फईम खान के कब्जे से 315 बोर का 1 कट्टा एवं 315 बोर के 4 जिंदा कारतूस मिला तथा कार लेकर भागने के प्रयास में पकड़े गये आरोपी मो. सलीम की तलाशी लिये जाने पर उसके पास से 315 बोर के 2 जिंदा कारतूस तथा क्रियेटा कार में छिपाकर रखी हुई 1 लोहे की तलवार मिली. कार एवं हथियारों के संबन्ध में पूछताछ पर आरोपी मोहम्मद सलीम द्वारा वह कार वर्ष 2017 में झिलमिला दिल्ली से चोरी करना बताया एवं बिना लायसेंस के हथियार अपने पास रखने की बात भी कही गई.
आरोपियों ने बताया कि लंबे समय बैंकों की तिजोरी और एटीएम काटकर चोरी करते आए हैं. उन्होंने 15-16 दिसंबर 2017 की रात पल्लेहार, जिला अंगुल (उड़ीसा) में कॉपरेटिव बैंक की तिजोरी काटकर 8 लाख रुपए की डकैती डालना, डकैती में जब्त की गई क्रियेटा कार का इस्तेमाल करना बताया. उन्होंने बताया कि 20-21 जनवरी 2018 की रात कस्बा बड़खेरा हाट जिला गुना मध्यप्रदेश में एसबीआई बैंक की तिजोरी काटने का प्रयास करना, फिर 8-9 मार्च 2018 की रात सादिक खान, फईम खान, मोहम्मद सलीम, टिन्नू उर्फ लईकूजमा, अकमल खान, आरिफ उर्फ रफीक खान, बाबू उर्फ कन्हैया मुसलमान तथा गुड्डू खान के साथ मिलकर करंजिया जिला डिण्डोरी मध्यप्रदेश के पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम काटकर 2 लाख 56 हजार 600 रुपए की डकैती डालना तथा लगातार 11 मार्च 2018 को गोहपारू, जिला शहडोल में सेन्ट्रल बैंक की तिजोरी काटने का प्रयास करना बताया. आरोपियों द्वारा यह भी बताया गया कि इनके द्वारा अपने इन्हीं साथियों के साथ मिलकर मड़वास जिला सीधी के ग्रामीण बैंक में तिजोरी काटकर 10 लाख रुपए नकद की डकैती डालना बताया गया. आरोपियों को गिरफ्तार कर सादिक मुसलमान, फईम खान एवं मो. सलीम से करंजिया एटीएम से डकैती डाला गया, जिसके 42 हजार रूपया नगद बरामद किये गये हैं तथा मड़वास ग्रामीण बैंक डकैती में इस्तेमाल किये गये गैस कटर में लगने वाले आक्सीजन सिलेंडर तथा सब्बल आरोपियों के कब्जे से मनेन्द्रगढ़ छत्तीसगढ़ के जंगल से जब्त किया गया है.
आरोपियों ने बताया कि उनके द्वारा वर्ष 2011 में चुरगलिया उत्तराखंड बैंक से 50 हजार रुपए चोरी करना, वर्ष 2015 में तमिलनाडु के कृष्णागिरि जिले के गुरूवापल्ली से बैंक आफ बड़ौदा का लॉकर काटकर 37 किलो सोना चोरी करना तथा वर्ष 2017 में गुजरात के अंकलेश्वर के बड़ोदा ग्रामीण बैंक, वर्ष नवम्बर 2017 में महाराष्ट्र के समुद्रपुर, जिला नागपुर के एसबीआई बैंक, जनवरी 2018 में उत्तराखंड के हल्दवानी के पास बैंक आफ बड़ोदा से तथा दिसंबर 2017 में उड़ीसा के नयागढ़ जिले के दसपल्ला के बैंक आॅफ इण्डिया की तिजोरी काटना तथा माह मार्च 2018 में अंबिकारपुर के बरगँवा में भी बैक की तिजोरी काटने की घटनाएं घटित करना स्वीकार किया. तीनों आरोपियों को रिमांड पर लिया गया इसके अलावा पुलिस ने छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान, बिहार, उत्तरप्रदेश, उड़ीसा, उत्तराखंड पुलिस को भी इस आशय की सूचना दी है. वहां की पुलिस जल्द ही प्रदेश आकर पूछताछ करेगी.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें