प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14 अप्रैल को बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के स्मारक का उद्घाटन नई दिल्ली में करेंगे. डॉ आंबेडकर परिनिर्माण भूमि सम्मान समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष इन्द्रेश गजभिये ने आज यहां पत्रकार वार्ता में बताया कि नई दिल्ली में अम्बेडकर की निधन स्थली पर 110 करोड़ रुपए की लागत से संविधान की खुली किताब की आकृति एवं स्वरूप का स्मारक बनकर तैयार है. इस भव्य स्मारक का उद्घाटन आगामी 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे. उन्होंने बताया कि 6 दिसंबर 1956 में दिल्ली के 26 अलीपुर रोड स्थित उनके आवास में डॉ. आंबेडकर का निधन हुआ था. इस पावन स्थल को अम्बेडकरवादी परिनिर्वाण भूमि कहते हैं. गजभिये ने बताया कि दलित वर्ग की मांग पर वर्ष 2003 में डॉ आंबेडकर के आवास का सरकार ने अधिग्रहण किया था और इसे राष्ट्रीय स्मारक घोषित किया था. इस निधन स्थल पर भव्य स्मारक बनाने की मांग को लेकर गत 15 वर्षो से डॉ आंबेडकर परिनिर्माण भूमि सम्मान समिति आंदोलन कर रही थी. केंद्र सरकार ने वर्ष 2011 में समारक बनाने की अपनी मंजूरी दे दी और 21 मार्च 2016 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस स्मारक का शिलान्यास किया था. गत दो वर्ष की अवधि में यह शानदार स्मारक बनकर तैयार हुआ.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें