गुरुवार, 22 मार्च 2018

सड़क पर उतरी कांग्रेस, विधायक बैठे धरने पर

कांग्रेस ने कहा सरकार के खिलाफ जारी रहेगा आंदोलन

विधानसभा में हंगामा करने के बाद अब लोक निर्माण मंत्री रामपालसिंह और उनके पुत्र पर एफआईआर दर्ज कराने और महिला सुरक्षा को लेकर कांग्रेस विधायक आज सड़क पर उतर गए. राजधानी में जवाहर भवन पर कांग्रेस विधायकों ने मौन धरना दिया और सरकार की कार्यवाही का विरोध जताया. धरने पर विधायकों के साथ नेता प्रतिपक्ष अजयसिंह के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव भी उपस्थित रहे. 
मध्यप्रदेश के लोक निर्माण मंत्री रामपालसिंह की बहू प्रीति की आत्महत्या का मामला अब और गर्मा गया है. विधानसभा बुधवार को हंगामा करने के बाद जब स्थगन पर चर्चा नहीं हुई तो कांग्रेस ने आज राजधानी में रोशनपुरा चौराहे स्थित जवाहर भवन पर मौन धरना दिया. नेता प्रतिपक्ष अजयसिंंह के नेतृत्व में यह धरना दिया गया. धरने पर विधायकों के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव और संगठन के पदाधिकारी भी बैठे. धरने पर बैठे विधायकों और कांग्रेस नेताओं ने बाद में धरना स्थल से राजभवन तक पैदल मार्च किया और राज्यपाल को महिला सुरक्षा को लेकर एक ज्ञापन सौंपा.
धरना स्थल पर नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि स्थितियां स्पष्ट होने के बाद भी मामले में अब तक प्राथमिकी नहीं दर्ज की गई है. उन्होंने शासन पर मंत्री को बचाने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस यह मामला जनता के बीच ले जाएगी. नेता प्रतिपक्ष  ने कहा कि सरकार गूंगी और बहरी हो गई है, जब ये स्थिति आ जाए तो समझो की अब सरकार के दिन लद गए हैं. 12 साल में प्रदेश महिला और बेटियों को सुरक्षा नहीं दे पा रही है. ये आंदोलन तब तक चलेगा, जब तक 2018 में जनता भाजपा सरकार को उखाड़ नहीं फेंकती है. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव का कहना है कि हम यहीं नहीं रुकने वाले हैं, पूरे प्रदेश में कांग्रेस सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी. प्रदेश में बहन और बेटियां सुरक्षित नहीं है. उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस अब महिला सुरक्षा को लेकर आंदोलन करेगी.
उल्लेखनीय है कि कांग्रेस ने मंत्री रामपाल सिंह और उनके बेटे के खिलाफ विधानसभा में भी जमकर हंगामा किया था.  कांग्रेस ने सदन में इस पर चर्चा नहीं कराए जाने पर विधानसभा अध्यक्ष  के खिलाफ बुधवार को अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था. इस हंगामे के बाद विधानसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें