गुरुवार, 22 मार्च 2018

शिवराज मंत्रिमंडल विस्तार की तेज हुई अटकलें

मध्यप्रदेश में एक बार फिर शिवराज मंत्रिमंडल के विस्तार की अटकलें तेज हो गई है. आज सुबह मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से हुई मुलाकात के बाद से राजनीतिक गलियारों में यह सुगबुहाहट तेज हुई है.
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने आज गुरुवार की सुबह राज्यपाल आनंदीबेन पटेल से राजभवन पहुंचकर मुलाकात की.  मुख्यमंत्री की इस मुलाकात के बाद से ही राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार की चर्चा भी तेज हो गई. माना जा रहा है कि मुलाकात में मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से  मंत्रिमंडल विस्तार के लिए समय मांगा है. बताया जा रहा है कि इसके बाद ही सियासी समीकरण तेजी से बदले और नए मंत्रियों के नाम पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया. भाजपा के अंदर से आ रही खबरों पर यकीन किया जाए तो तीन नए मंत्रियों की ताजपोशी हो सकती है. इसमें इंदौर से दो विधायकों सुदर्शन गुप्ता और रमेश मेंदोला का नाम भी शामिल किया जा सकता है. हालांकि मंत्रिमंडल विस्तार में इस बार मुख्यमंत्री जातिय और क्षेत्रीय समीकरणों को बैठाने का प्रयास करेंगे. साथ ही वे इस बात का भी प्रयास करेंगे कि विरोधियों को साध सकें. सूत्रों की माने तो मुख्यमंत्री की राज्यपाल से हुई मुलाकात में उन्होंने हाल ही में हुए विधानसभा के बजट सत्र के बारे में भी चर्चा की. इसके अलावा लोक निर्माण मंत्री रामपाल सिंह की बहु द्वारा की गई आत्महत्या मामले में कांग्रेस द्वारा विधानसभा में किए हंगामें एवं विधानसभा अध्यक्ष के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव की जानकारी भी दी.
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में पिछले महीने हुए कोलारस और मुंगावली उपचुनाव के पहले भी शिवराज कैबिनेट में बदलाव हुआ था. उस समय तीन नए मंत्रियों ने शपथ ली थी. इनमें नरसिंहपुर के विधायक जालम सिंह पटेल के अलावा नारायण कुशवाहा और बालकृष्ण पाटीदार को मंत्रिपद की शपथ दिलाई गई थी. नारायण सिंह कुशवाहा को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है, जबकि दो अन्य मंत्रियों को राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया था.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें