शुक्रवार, 17 अगस्त 2018

अंतिम यात्रा देख भावुक हो उठे कार्यकर्ता


मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में शुक्रवार को सैकड़ों लोगों ने अपने प्रिय नेता पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटलबिहारी वाजपेयी जी की अंतिम यात्रा का प्रदेश कार्यालय में रामधुन के बीच नम आंखों से सीधा प्रसारण देखा.
पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटलबिहारी वाजपेयी का अंतिम संस्कार देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित स्मृति स्थल पर शुक्रवार शाम को संपन्न हुआ. मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राकेश सिंह समेत प्रदेश भाजपा के लगभग सभी वरिष्ठ नेता उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुए. वहीं, प्रदेश भाजपा कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में अंतिम यात्रा का सीधा प्रसारण बड़ी एलईडी स्क्रीन पर दिखाए जाने की व्यवस्था एवं स्व. पूर्व प्रधानमंत्री की आत्मिक शांति के लिए रामधुन का आयोजन किया गया था. जैसे ही पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी जी की अंतिम यात्रा भाजपा मुख्यालय से रवाना हुई, उसका सीधा प्रसारण देखने अटल जी के प्रति श्रद्धा रखने वालों की भीड़ बढ़ने लगी. शाम 5.15 बजे तक तो भीड़ इतनी बढ़ गई थी कि हॉल में बैठने की जगह नहीं बची थी और लोग कार्यालय परिसर में बाहर खड़े होकर सीधा प्रसारण देख रहे थे. इस दौरान जैसे-जैसे चिता को मुखाग्नि देने की घड़ी करीब आ रही थी, दर्शक भी भावुक होते जा रहे थे. स्क्रीन पर प्रसारण देख रहे दर्शक भी अपने प्रिय नेता के अंतिम दर्शन के लिए उतावले नजर आ रहे थे. स्व. वाजपेयी जी की दत्तक पुत्री नमिता द्वारा चिता को मुखाग्नि दिए जाने के समय प्रसारण देख रहे कार्यकर्ताओं की आंखें नम हो उठीं.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें