मध्यप्रदेश सरकार ने केरल के बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए 10 करोड़ रुपए देने का ऐलान किया है। वहीं पूर्व प्रधानमंत्री स्व अटल बिहारी बाजपेयी की स्मृति में ग्वालियर के सरकारी गोरखी स्कूल का नाम अटल बिहारी वाजपेई के नाम पर रखा जाएगा। साथ ही, स्कूल को एक्सीलेंस स्कूल की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।
एक प्रेसवार्ता में मुख्यमंत्री डॉ शिवराज सिंह ने बताया कि केरल के बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए सीएम सहायता अनुदान से की मदद जाएगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि सभी केरल के भाइयों की मदद के लिए आगे आएं। उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी की स्मृति में म्यूजियम भी बनाया जाएगा। इसके अलावा ग्वालियर और भोपाल में अटलजी की स्मृति वन बनाया जाएगा। स्मृति वन में अटलजी की प्रतिमा भी लगाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्लोबल स्किल पार्क का नाम अटल बिहारी वाजपेई के नाम पर रखा जाएगा। यह पार्क भोपाल में 600 करोड़ की लागत से बन रहा है। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश के सभी सातों स्मार्ट सिटी शहर में विश्व स्तरीय लाइब्रेरी बनाई जाएगी और इनका नाम अटलजी के नाम पर रखा जाएगा। शिवराज ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेई की जीवनी अगले साल से मप्र के स्कूल शिक्षा पाठ्यक्रम में पढ़ाई जाएगी।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें