मध्यप्रदेश के शहरों में बाजार भी रहे बंद, लोगों ने दी श्रद्धांजलीपूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर आज राजधानी सहित पूरे मध्यप्रदेश में शोक का महौल रहा. प्रमुख नगरों में बाजार भी बंद रहे, तो शहरों में शोक सभाएं होती रही. राजधानी भोपाल में आज भाजपा कार्यालय दीनदयाल परिसर में हर दीवार अटलजी की कविताओं, भाषणों की पंक्तियों से रंगी दिखाई दी.
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन की खबर के बाद वैसे तो भाजपा के पदाधिकारियों के अलावा अधिकांश बड़े नेता दिल्ली चले गए थे, मगर जो राजधानी में रहे वे आज भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचे. प्रदेश भाजपा कार्यालय में आज हर दिन की तरह चहल-पहल तो नहीं थी, बल्कि सन्नाटा पसरा था. मगर पूरे भाजपा कार्यालय को आज अटलमय कर दिया गया था. हर दीवार पर अटलजी की तस्वीर थी तो साथ में उनकी कविताएं और उनके द्वारा दिए गए भाषणों की खास पंक्तियां को लिखा गया था, जिन्हें कार्यकर्ता, पदाधिकारी और आम नागरिक भी पढ़कर रुआसा नजर आया. यहां पर लगाए गए होर्डिग्स अटल बिहारी वाजपेयी के भावों को व्यक्त कर रहे थे. पदाधिकारियों का कहना था कि हमने यह प्रयास किया कि उन्हें इस तरह से श्रद्धांजली दी जाए जो याद रहे और अटलजी की बात को भी लोगों को याद दिलाए, इसके चलते उनकी कविताओं में शब्दों को खूबसूरती से पिरोकर उन्हें भावों के साथ पेश करने वाले का भाजपा द्वारा यह प्रयास किया गया, जिससे कार्र्यकर्ता, पदाधिकारी उनकी याद में खोया रहा. चार पर यहां पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अटलजी को याद किया.
भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के निधन को लेकर राजधानी के अलावा पूरे प्रदेश में शोक की लहर रही. भोपाल के अलावा ग्वालियर, इंदौर और अन्य सभी प्रमुख नगरों में श्रद्धांजलि सभाओं का दौर जारी रहा. कुछ शहरों में लोगों ने स्वेच्छा से बाजार बंद रखे. देवास, बुरहानपुर जैसे शहरों में आज शोक के चलते बाजार बंद रहे. इसके अलावा मंदसौर के सुवासरा में भी व्यापार-व्यवसाय पूरी तरह बंद रहा. भीकनगांव और शेगांव में दुकानें बंद रहीं. राजधानी से सटे जिलोंं विदिशा, सीहोर, रायसेन में भी आज बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा और लोग अटलजी को याद करते रहे. हर जिले और ब्लाक मुख्यालय पर अटलजी की याद में शोक सभाएं होती रही और लोगों ने उन्हें श्रद्धांजली दी.
22 तक स्थगित रहेगी जनआशीर्वाद यात्रा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की जन आशीर्वाद यात्रा 22 अगस्त तक के लिए स्थगित कर दिया गया है. भाजपा के उपाध्यक्ष एवं यात्रा समन्वयक विजेश लूनावत ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा 18 अगस्त मनावर से सरदारपुर एवं 21, 22 अगस्त सुरखी से टीकमगढ़ स्थगित की गई है. लूनावत ने कहा कि इन स्थानों का अगला कार्यक्रम बाद में घोषित किया जाएगा. उल्लेखनीय है कि 16 अगस्त को छिंदवाड़ा की तीन विधानसभा क्षेत्रों में जाने वाली इस यात्रा को स्थगित कर दिया गया था. इसके अलावा कांग्रेस द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के आज के कार्यक्रम भी स्थगित रहे.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें