शनिवार, 18 अगस्त 2018

फिर मुद्दा बन गई गाय


चुनाव से पहले मध्य प्रदेश में गाय एक बार फिर मुद्दा बन गई है, कांग्रेस ने सरकार पर गाय के नाम पर राजनीति करने के आरोप लगाए हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मीडिया विभाग की प्रमुख शोभा ओझा ने कहा है चुनाव आते ही भाजपा को गौ माता की याद आती है। जबकि देखरेख के अभाव में रोज गायें मर रही है। वहीं कांग्रेस विधायक सुंदरलाल तिवारी ने आरोप लगाया है  रीवा नगर निगम कार्यालय में गायों को जमीन में दफनाया गया है, इस मामले डीजीपी ने कार्यवाही करने का सिर्फ आश्वासन दिया है, उन्होंने आरोप लगाया है कि सरकार निगम कमिश्नर को बचा रही है, गायों की मौत के मामले में न्यायिक जांच की जाए।
प्रदेश कांग्रेस मीडिया इंचार्ज शोभा ओझा ने राजधानी भोपाल में एक पत्रकार वार्ता आयोजित की, जिसमे कांग्रेस विधायक सुंदरलाल तिवारी भी मौजूद रहे। उन्होंने आरोप लगाया है धर्म और गाय के नाम पर बीजेपी सरकार राजनीति करना बंद करे, मुख्यमंत्री शिवराज गौ रक्षा के नाम पर झूठी बातें करते है। प्रदेश में गायों की मौत की संख्या लगातार बढ़ रही है। गौ संरक्षक बोर्ड कोई काम नहीं कर रहा है, कमीशन बनाकर गौ हत्या से जुड़े सभी मामलों की जांच की जाए, रीवा में ऑडिटोरियम के परिसर में 5 गायों को दफना दिया गया, अधिकारियों को जानकारी देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पैसों के लिए जो आत्मा बेचें वो वैश्या
कांग्रेस विधायक सुंदरलाल तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह वोट हासिल करने के लिए नियमों को दरकिनार करते हुए घोषणाएं करते जा रहे हैं। इसके बाद उन्होंने पूछा कि वैश्या किसे कहते हैं पता है। फिर खुद ही इसका जवाब देते हुए बोले कि जो पैसे के लिए अपनी आत्मा बेच दे वो वैश्या है, इसी तरह सीएम शिवराज ने वोट हासिल करने के लिए अपनी आत्मा बेच दी है और वे किसी भी स्तर पर जा सकते हैं।  तिवारी के इस बयान की भाजपा ने कड़ी निंदा की, वहीं मुख्यमंत्री शिवराज ने जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान इस बयान पर पलटवार करते हुए कहा ’कांग्रेस के नेताओं ने मुझे वेश्या कहा है, लेकिन शिवराजसिंह चौहान वेश्याओं को भी अपनी बहन मानता है। उनके भी पाँव धोएगा। उन्होंने कहा कि मैं नारी जाति का सम्मान करता हूँ, इज्जत करता हूँ। किसी मजबूरी में ऐसे दलदल में फंसी बहनों को भी दलदल से निकालूंगा।
तिवारी पर कार्यवाही करे कांग्रेस
हितेष वाजपेयी ने कहा ’कांग्रेस का हर नेता शिवराज जी से हार चूका है, यही कारण है कि वह “कुतर्कों“ और गाली-गलौज पर उतर आया है। शायद यही राहुल गाँधी का प्यार है।  तिवारी जी की भाषा और शब्दकोष विषाक्त है, उम्मीद है यह भाषा उन्होंने अपने बेटी या बहु के लिए इस्तेमाल न की हो। उन्होंने कहा अपने पिता की पुण्याई पर पानी फेरते कपूत हैं  सुन्दरलाल जी, विन्ध्य की सभ्यता को शर्मसार कर रहे हैं बेशर्म सुन्दरलाल जी। वाजपेयी ने कांग्रेस विधायक के बयान पर कहा ऐसा उन्होंने तब कहा जब एक भद्र महिला शोभा ओझा बाजू में बैठी हैं इसका भी न उन्हें लिहाज है और न ही भान, ये कौन सी कांग्रेस है।  उन्होंने कहा मैं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ से मांग करता हूँ कि इन बेशर्म बयानों और नेता जी के लिए कांग्रेस को क्षमा माँगना चाहिए और इन साहब के विरुद्ध कार्यवाही करना चाहिए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें