राजधानी भोपाल सहित प्रदेशभर में लोग उमस से परेशान रहे. निमाड़ अंचल में तो बारिश होती रही, मगर अन्य भाग में बारिश का खास असर दिखाई नहीं दिया. राजधानी भोपाल में आज तेज धूप ने लोगों को परेशान कर दिया.
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भोपाल में गरज-चमक के साथ कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश की संभावना जताई है. लेकिन आज सुबह से तेज धूप और उमस से लोग परेशान होते रहे. अधिकतम तापमान 30,1 और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री दर्ज किया गया है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस हफ्ते तेज बारिश के आसार कम ही हैं, लेकिन 20 अगस्त के बाद तेज बारिश का एक दौर आ सकता है. बुधवार तक शहर में जहां 492.8 मिलीमीटर बारिश हुई थी, वह गुरुवार को बढ़कर 508.9 मिली मीटर पर पहुंच गई. यह अब तक की सामान्य बारिश 642.4 मिली मीटर से 21 मिलीमीटर कम है.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उड़ीसा कोस्ट और उसके आसपास डिप्रेशन बना हुआ है. यह पश्चिमी और उत्तर पश्चिमी दिशा की ओर बढ़ रहा है. एक टर्फ डिप्रेशन के सेंटर से बंगाल की खाड़ी तक गया है. एक द्रोणिका 3.1 से 5.8 किमी की ऊंचाई पर है, जो दक्षिण-पूर्व राजस्थान से दक्षिणी छत्तीसगढ़ और दक्षिण मप्र से होकर गुजर रही है. पूर्वी उत्तर प्रदेश और इसके आसपास 3.1 किमी की ऊंचाई पर साइक्लोनिक सकुर्लेशन बना हुआ है.
दर्जनभर जिलों में कम हुई बारिश
मध्यप्रदेश में इस वर्ष मानसून में एक जून से 16 अगस्त तक 4 जिलों में सामान्य से 20 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई है. प्रदेश के 37 जिलों में सामान्य वर्षा दर्ज हुई है. सामान्य से अधिक वर्षा वाले जिले भिण्ड, नीमच, उमरिया और सिंगरौली हैं. सामान्य वर्षा वाले जिले दतिया, मुरैना, सीधी, टीकमगढ़, शिवपुरी, दमोह, सीहोर, रतलाम, रायसेन, आगर-मालवा, शाजापुर, होशंगाबाद, जबलपुर, मण्डला, उज्जैन, श्योपुरकलां, गुना, कटनी, नरसिंहपुर, मंदसौर, झाबुआ, बुरहानपुर, राजगढ़, इंदौर, खण्डवा, बड़वानी, विदिशा, छतरपुर, सिवनी, पन्ना, शहडोल, छिंदवाड़ा, डिण्डौरी, रीवा, ग्वालियर, अशोकनगर और सतना हैं. कम वर्षा वाले जिले सागर, भोपाल, अनूपपुर, देवास, बालाघाट, खरगोन, हरदा, धार, बैतूल और अलीराजपुर हैं.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें