रविवार, 19 अगस्त 2018

आप ने पांचवी सूची में घोषित किए 19 प्रत्याशी

 अब तक घोषित किए 89 प्रत्याशी, अगली सूची 31 को 
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवारों की पांचवी सूची जारी कर दी है. इस सूची में पार्टी ने 19 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है. अब तक पार्टी ने 89 प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है. आप की छठवीं सूची 31 अगस्त को इंदौर में घोषित की जाएगी.
आम आदमी पार्टी के विधानसभा प्रत्याशियों की पांचवी सूची में नरसिंहपुर से बाबूलाल पटेल, बैहर से देलन सिंह कोडापे, इंदौर-1 से सतीश कुमार मलिक, रैगांव से अर्जुन दाहिया, मनासा से राजिंदर कौर, विजयराघवगढ़ से रमाकांत पटेल, जैतपुर से बहादुर पाव, जबलपुर पश्चिम से आशीष सिंगरहा, नरसिंहगढ़ से भगवान सिंह मीणा, मुरैना से गिरिराज शर्मा, इछावर से दिनेश नागर, सारंगपुर से गंगाराम वर्मा, शमशाबाद से नवीन शर्मा, पाटन से लक्ष्मण पटेल, पानसेमल से परमानंद दुदवे, मुंगावली से देवेंद्र सिंह लोधी, पोहरी से नरेंद्र व्यास, मनिगवां से महारथी साकेत, इंदौर-2 से सतीश शर्मा को टिकट मिला है. 
विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पांचवी सूची के ऐलान के वक्त आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय भी मौजूद थे. पिछली सूची तक पार्टी ने 70 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी थी. पांचवी लिस्ट में 19 नए उम्मीदवारों के नाम के ऐलान के साथ ही आम आदमी पार्टी ने अब तक 89 उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं. आम आदमी पार्टी के विधानसभा उम्मीदवारों की अगली सूची 31 अगस्त को इंदौर में घोषित की जाएगी.
इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए गोपाल राय ने कहा कि मध्य प्रदेश में आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती से चुनाव लड़ रही है. राय ने आरोप लगाया कि आज जो भी समस्याएं हैं वो कांग्रेस की देन है. पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार आलोक अग्रवाल ने इस दौरान आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में बड़ी राशि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती है जबकि ये करोड़ों रुपए भ्रष्टाचार में न जाएं तो एक साल में किसानों का कर्ज माफ हो जाए. 
आप के प्रदेश अध्यक्ष आलोक अग्रवाल  ने कहा कि मध्य प्रदेश में 2 लाख करोड़ रुपए के बजट में से 50 प्रतिशत राशि भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती है. इसके विपरीत दिल्ली में ईमानदार राजनीति के तहत बजट 32 हजार करोड़ से बढ़कर 53 हजार करोड़ हो गया है, जिससे जनता को तमाम सुविधाएं दी जा रही हैं. हमारे यहां सरकार कहती है कि यहां किसानों का 40 हजार करोड़ का कर्ज माफ नहीं कर सकते, जबकि सच्चाई यह है कि अगर 1 लाख करोड़ भ्रष्टाचार में न जाएं तो एक साल में किसानों का कर्ज माफ हो जाए। यहां 40 लाख लोगों को एक किलोमीटर दूर से पानी लाना होता है पीने के लिए, जरूरत के आधे ही अस्पताल हैं, और जो हैं उनमें 50 प्रतिशत में डॉक्टर नहीं हैं.  बेरोजगारों के पास रोजगार नहीं हैं. जिस व्यवस्था में रोज पांच किसान और 92 बच्चे मर रहे हों, जहां दो युवा रोज आत्महत्या कर रहे हों, ऐसी सत्ता को बदलाना जरूरी ही नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी भी है. आम आदमी पार्टी प्रदेश में इस लूट और भ्रष्टाचार के राज को खत्म करेगी और आम आदमी का राज लाएगी.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें