![]() |
| शिवराजसिंह चौहान |
मध्यप्रदेश के भोपाल और ग्वालियर में अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में भव्य स्मारक बनाए जाएंगे. प्रदेश के सात शहरों भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सागर और सतना में स्वर्गीय अटल जी के नाम पर विश्वस्तरीय लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी.
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृतियों को अक्षुण्ण बनाये रखने के लिए राज्य सरकार ने कई निर्णय लिए हैं. भोपाल और ग्वालियर में स्वर्गीय अटल जी की स्मृति में भव्य स्मारक बनाए जाएंगे. ग्वालियर के गोरखी के जिस विद्यालय में स्वर्गीय वाजपेयी कक्षा 6 से 8 तक पढ़े थे उसे उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के केन्द्र के रूप में विकसित किया जाएगा. इसमें स्मार्ट क्लास, प्लेनेटोरियम और म्यूजियम बनाया जाएगा, साथ ही स्वर्गीय अटल जी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय अटल जी की स्मृति में भोपाल और ग्वालियर में स्मृति वन स्थापित किये जाएंगे, जिनमें अटल जी की प्रतिमा के साथ उनके कार्यों को बेहतर ढ़ंग से प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि भावी पीढ़ी को प्रेरणा मिल सके. भोपाल में 600 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे ग्लोबल स्किल पार्क का नाम स्वर्गीय अटल जी के नाम पर रखा जाएगा. प्रदेश के स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किये जा रहे सात शहरों भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर, उज्जैन, सागर और सतना में स्वर्गीय अटल जी के नाम पर विश्वस्तरीय लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी. इन लाइब्रेरियों को सेंटर आफ एक्सीलेंस के रूप में युवाओं के लिए कोचिंग, शोध और सामाजिक चिंतन के केन्द्र के रूप में विकसित किया जाएगा. इसी तरह सात स्मार्ट सिटी में बन रहे इनक्यूबेशन सेंटर्स का नाम स्वर्गीय अटल जी के नाम पर रखा जाएगा. इन सेंटरों पर मध्यप्रदेश के युवाओं को स्टार्टअप स्थापित करने की सुविधाएं उपलब्ध करायी जाएगी.
पाठ्यक्रम में शामिल होगी जीवनी
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि स्वर्गीय अटलजी की जीवनी अगले वर्ष से स्कूली शिक्षा के पाठ्यक्रम में शामिल की जाएगी. स्वर्गीय अटल जी के नाम से तीन राष्ट्रीय पुरस्कार स्थापित किए जाएंगे. पांच-पांच लाख रुपए के यह पुरस्कार कविता, पत्रकारिता और सुशासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को दिए जाएंगे. प्रदेश में श्रमिकों के बच्चों के लिये बनाये जा रहे चार श्रमोदय विद्यालयों के नाम भी स्वर्गीय अटल जी के नाम पर रखे जाएंगे. विदिशा में शुरू हो रहे मेडिकल कालेज का नाम भी स्वर्गीय अटल जी के नाम पर रखा जाएगा. भोपाल के अत्याधुनिक हबीबगंज रेल्वे स्टेशन का नाम स्वर्गीय अटल जी के नाम पर करने के लिए केन्द्रीय रेलमंत्री से आग्रह किया जाएगा.
राजधानी में कल होगी श्रद्धांजलि सभा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 21 अगस्त को भोपाल में समाज का हर वर्ग स्वर्गीय अटल जी को श्रद्धांजलि दें इसके लिए रविन्द्र भवन के मुक्ताकाश में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी. 22 से 25 अगस्त बीच सभी जिला मुख्यालय में तथा आगामी 25 से 30 अगस्त के बीच सभी विकासखण्ड और ग्राम पंचायतों में भी श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी. स्वर्गीय अटल जी के अस्थियों को नर्मदा सहित प्रदेश की सभी प्रमुख नदियों में प्रवाहित किया जाएगी.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें