राजधानी के खजूरी थाना क्षेत्र में विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली. विवाहिता द्वारा खुदकुशी किए जाने के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है.
खजूरी थाना पुलिस के अनुसार ग्राम बकानिया निवासी पूजा भारती पति गुरुबक्श ने अपने घर में जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी की कोशिश की थी. परिजनों ने पूजा को इलाज के लिए सिंधी कालोनी स्थित एक निजी अस्तपाल में भर्ती कराया था. अस्पताल में इलाज के दौरान पूजा की मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि पूजा भारती के आत्महत्या करने के कारण फिलहाल अज्ञात हैं और न ही उसके पाससे कोई सुसाइड नोट बरामद हुआ है. पुलिस का कहना है कि इस मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
नाबालिग लापता
ऐशबाग थाना पुलिस के अनुसार सोनिया नगर निवासी रेहमत शाह की 14 वर्षीय पुत्री ईल्मा, बीते सोमवार सुबह से लापता है.ईल्मा के अचानक घर से लापता हो जाने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश आसपास के इलाकों में की, लेकिन पता नहीं लग पाया. बाद में परिजनों ने थाने पहुंचकर ईल्मा की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस का कहना है कि चूंकि लापता हुई ईल्मा नाबालिग है, इसलिए अपहरण का मामला दर्ज किया गया है.
बाइक से गिरकर विवाहिता की मौत
राजधानी के ईदगाह हिल्स थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की बाइक से गिर जाने के कारण मौत हो गई. पुलिस के अनुसार विवाहिता कमलेश अहिरवार अपने पति जितेन्द्र अहिरवार के साथ बाइक से जा रही थी, तभी बाइक डिवाइडर पर उझली और विवाहिता गिर गई. गिरने के बाद विवाहिता के सिर से खून बहने लगा. लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान विवाहिता की मौत् हो गई. पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है.
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें