मंगलवार, 4 सितंबर 2018

कान्हा बनाने के बहाने मासूम का अपहरण

राजधानी में जन्माष्टमी पर्व पर एक नौ माह के मासूम को कान्हा बनाने के बहाने मां की गोद से लिया और बाइक पर बैठक बदमाश भाग गए. बाद में मासूम के पिता ने थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई, मगर बदमाशों का पता नहीं चला. पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है.
राजधानी की शाहजहांनाबाद थाना पुलिस के अनुसार बीती रात करीब 11.30 बजे ईदगाह हिल्स स्थित 108 एंबुलेंस के कार्यालय के सामने एक राकेश नामक युवक का परिवार झुग्गी में रहता है. राकेश मजदूरी करता है. उसका नौ माह का बेटा था. रात को करीब 11.30 बजे उसकी झुग्गी पर एक युवक आया और दरवाजा खुलवा कर कहा कि पास के मोहल्ले से वह आया है. मंदिर में जन्माष्टमी का पर्व मनाया जा रहा है. हम छोटे बच्चों को लेकर वहां जा रहे हैं, उन्हें कान्हा बनाएंगे, कान्हा के कपड़े पहनाएंगे. इसके बाद युवक ने मां की गोद से बच्चे को उठा लिया. इसी दौरान राकेश ने उससे कहा कि वह भी उसके साथ चल रहा है, वह कपड़े पहनने लगा. इस दौरान बच्चे को लेकर युवक झुग्गी से बाहर आया और बाइक पर सवार उसके साथी के साथ बाइक पर बैठ बच्चे को लेकर भाग गए. राकेश ने पीछा किया, मगर तेज रफ्तार बाइक सवार भाग निकले. बाद में राकेश ने थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई.
 पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर लिया है. बीती रातभर पुलिस बदमाशों को तलाशती रही, मगर उनका कोई पता  नहीं चला है.पुलिस अब सीसीटीव्ही कैमरे में कैद हुए फोटो के आधार पर संदेहियों की तलाश कर रही है.

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें